गुरुवार, अक्टूबर 27, 2016

शोध लेख 

# नवगीत की युगीन चेतना और भारतेंदु मिश्र के नवगीत

# रमाशंकर सिंह

(अनुभव की सीढी--1980-2010 तक के गीतों का संग्रह : 
सं. रश्मिशील,)

आधुनिक हिन्दी साहित्य में ‘आधुनिकता’ आधुनिक युगबोध का उल्लेख होता रहा है,अत; आधुनिक युगबोध की अवधारणा पर विचार करना युक्ति -संगत प्रतीत होता है| रमेशकुंतल मेघ अपनी पुस्तक ‘आधुनिकताबोध और आधुनिकीकरण ’में आधुनिक युगबोध की चर्चा करते हुए कहते हैं कि- ‘आज के युग में ज्ञान विज्ञान ,टेक्नोलाजी ,सूचना प्रोद्योगिकी के परिणामस्वरूप जो परिस्थितियाँ उत्पन्न हुई है,उनका बोध अथवा उनसे साक्षात्कार आधुनिक युगबोध है| इस नए बोध में प्राचीन और मध्यकालीन लालित्य और रोमांस का अभाव है|आधुनिक युगबोध औद्योगिकीकरण ,महानगरो में अपसंस्कृति ,बौद्धिकता,तार्किकता ,प्रतिस्पर्धा,उपभोक्तावाद और वैश्वीकरण आदि तत्वों से युक्त है| आधुनिक युगबोध पर पाश्चात्य -दर्शन,विज्ञान,संस्कृति का प्रचुर प्रभाव है| पुनर्जागरण (र्रिनेसां) से आधुनिक युग की शुरुआत होती है और औद्योगिक क्रान्ति तथा फ्रांसीसी क्रान्ति से आधुनिक युग का आविर्भाव होता है  |...वर्त्तमान युग समानता से शुरू हुआ और उसमे स्वच्छंदता का अभिषेक हुआ |आधुनिक युग नवजागरण और क्रांतियो का युग है –रूस की समाजवादी क्रान्ति(1917), उपनिवेशवाद से भारत की आजादी (1947 ),चीन की कृषक क्रान्ति (1948 ),इन तीन क्रांतियो ने विश्व की धारा ही बदल दी|’-( पृ -62 -आधुनिकताबोध और आधुनिकीकरण)
इसके पश्चात विश्व राजनीति में एक बड़ा परिवर्तन -1989 में आया जब सोवियत संघ का विखंडन हुआ और साम्यवाद को गहरा धक्का लगा| अब तक विश्व अमेरिका और एवं रूस जैसी दो महाशक्तियो के बीच वर्चस्व को लेकर चलने वाले शीतयुद्ध से त्रस्त था| सोवियत संघ के बिखराव से साम्यवादी  देश एक सशक्त  नेतृत्व से वंचित रह गए तथापि चीन,उत्तर कोरिया,क्यूबा जैसे देशो में अब भी साम्यवादी अर्थव्यवस्था चलती रही| आधुनिक युग में आकर हम पहली बार दो सामाजिक शासन व्यवस्थाओं को देखते हैं- पूंजीवादी व्यवस्था एवं साम्यवादी व्यवस्था |इन दोनों ही व्यवस्थाओं के अपने अपने गुण दोष हैं | इन दोनों विरोधी व्यवस्थाओं के कारण आज तक विश्व विभाजित आशंकित और त्रस्त है- कई दशको से युद्ध की विभीषिका को भी झेल रहा है| दो विश्व युद्धों में हुए महाविनाश ने मानवता को जो घाव दिए हैं वे अभी तक रिस रहे हैं | ‘नई कविता के प्रतिमान’ में लक्ष्मीकांत वर्मा जी कहते हैं –‘अपनी प्रकृति में आधुनिकता मानव प्रगति द्वारा जोड़े गए जीवन के नए अर्थ और नए परिवेश की स्वीकृति है| आधुनिकता वस्तु की अनुभूति को देश काल की सापेक्षता प्रदान करती है-आधुनिकता पूर्वाग्रह से मुक्त बौद्धिक चेतना को प्रत्येक अनुभूति का अविभाज्य अंग मानती है|’(पृ.248 --नई कविता के प्रतिमान)
   दूसरी तरफ भूमंडलीकरण से प्रभावित लोग यह घोषणा करने लगे थे कि दुनिया एकध्रुवीय हो गयी है| वह एक ग्लोबल गाँव बन गयी है| उसमे अब हमेशा पूंजीवाद चलेगा और उस पर अमेरिका शासन करेगा|भूमंडलीकरण के प्रभाव से शासकीय नीतियों की आत्मनिर्भरता और गुटनिर्पेक्षता की सारी  बाते हवा हो गयीं |निजीकरण तथा उदारीकरण की नीतियों वाले ‘आर्थिक सुधार’ शुरू हो गए|जनता के खून पसीने की कमाई से बनी सार्वजनिक चीजें पूंजीपतियों के हाथों माटी के मोल बेची जाने लागीं| सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में काम करने वालो की छटनी होने लगी| निजी क्षेत्र के बहुत से उद्योग धंधे बंद हो जाने से मजदूर बेरोजगार होने लगे|कृषि संबंधी अनुदार नीतियों के कारण किसान तबाह होकर आत्महत्या करने लगे |केंद्र और राज्यों की सरकारें विदेशी निवेश को आमंत्रित करने के लिए अपने देश के हितो की अनदेखी करने लगीं | बहुराष्ट्रीय कंपनियां  देश की धन संपदा लूट लूट कर ले जाने लगीं और सरकारें ‘बाजार की शक्तियों’ के आगे असहाय होने का राग अलापते हुए जनहित के कार्यो से मुंह मोड़कर देशी विदेशी पूंजीपतियों के हित में काम करने लगीं | ऐसे में सांप्रदायिक शक्तियों को उभरने का खूब मौक़ा मिला और भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की बाते ही नहीं कार्रवाइया  भी होने लगीं|
सचमुच देखते ही देखते दुनिया बदल गयी थी और जब दुनिया ही बदल गयी थी तो हमारा साहित्य भी बदला |उसमे यथार्थवाद  की जगह जादुई यथार्थवाद  आ गया| आधुनिकता की जगह उत्तर आधुनिकता आ गयी|भक्ति आंदोलन से लेकर जनवादी आन्दोलन,स्त्री आन्दोलन ,और दलित आन्दोलन तक हिन्दी साहित्य में ‘आंदोलनों ’ की जो परंपरा रही थी उसकी जगह विमर्शो की परंपरा शुरू हो गयी| प्रगतिशीलता की जगह भारतीयता की बात होने लगी| धर्मनिरपेक्षता की जगह धर्मपरायणता की बात होने लगी | वर्ग संघर्ष की जगह वर्ण संघर्ष की बात होने लगी|दलितों की मुक्ति के लिए जाति  प्रथा को समाप्त करने की जगह आरक्षण पाते रहने के लिए जाति  को बनाये रखने की बात होने लगी| स्त्रियों की मुक्ति के लिए शोषण की व्यवस्था को समाप्त करने के लिए लैंगिक स्वच्छंदता की बात की जाने लगी| प्रगतिशील और जनवादी लेखको को मार्क्सवादी शब्दावली में बात करते हुए शर्म आने लगी और उनमे से कई खुद ही बढ़ चढ़ कर ऐसी आत्मालोचना करने लगे जैसी मार्क्सवाद के विरोधियो ने भी कभी नहीं की थी|इसका असर प्रगतिशील और जनवादी लेखन पर ही नहीं लेखक संगठनो पर भी पडा| वे निस्तेज और निष्क्रिय होते गए|
इन्ही सब हालातो को देखते हुए वरिष्ठ नवगीतकार श्री देवेन्द्र शर्मा इंद्र ‘अनुभव की सीढी’ की भूमिका में ‘हम न होंगे गीत होंगे’ शीर्षक लेख में कहते है-“समय की भयावहता ,दारुणता,दुसह्यता,प्रतिकूलता,विसंगति और कदाचार के व्यूह से जूझते हुए व्यक्ति की विडम्बनाओ में पहले से अधिक वृद्धि हुई है| आतंकवाद और शोषण का शिकंजा और भी मजबूत तथा कडा हुआ है|विश्वग्राम की परिकल्पना के अंतर्गत बहुराष्ट्रीय कंपनियों के फैलते हुए मकड़जाल में आर्थिक स्तर से विपन्न व्यक्ति और भी अधिक दुर्दशा तथा दरिद्रता से ग्रस्त हुआ है| कोढ  में पैदा खाज की तरह  सांप्रदायिक विद्वेष, जातिवाद ,क्षेत्रीयता और अंतर्देशीय भाषिक सूत्रों की विच्छिन्नता जैसे अभिशापो के विषाक्त धुंध में समर्पित ,जागरूक और संवेदनशील गीत ,नवगीत ने अपने चतुर्दिक परिवेश में और विश्व स्तर पर घटित होते हुए परिवर्तन चक्र के घर्घर घोष को न केवल सुना प्रत्युत अपनी छांदस लय भंगिमा में मुखरित और अभिव्यंजित किया है|”(पृ.v,भूमिका ,अनुभव की सीढी )
साहित्य में युगीन चेतना के विविध आयाम प्रतिबिम्बित होते हैं |कोई  साहित्यकार किसी एक आयाम को केंद्रबिंदु बनाता है तो कोई अनेक आयामों को |समाज की यथार्थ स्थिति साहित्यकार की कल्पना के साथ साहित्य में प्रतिबिंबित होती रहती है|साहित्य में युगीन परिवेश ,युगीन चेतना और युगबोध का सजीव चित्रांकन होना स्वाभाविक है|सच्चा कवि या साहित्यकार अपने युग की कहानी को ही प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से दुहराता है| भले ही अतीत की कथा क्यों न हो कवि की समसामयिक दृष्टि और युगबोध की छाया उस रचना में किसी न किसी रूप में प्रतिबिंबित होकर ही रहती है| यदि कवि  या साहित्यकार अपने युग की अनदेखी करके कुछ लिखेगा तो उसकी रचना सजीव नहीं हो पायेगी| कवि बाह्यजगत से ही प्रेरणा और संवेदना ग्रहण करता है और उनसे प्रभावित होकर उन्हें अपने अनुभवों के साथ समाज को लौटा देता है|इस तरह समाज से प्राप्त संवेदनाएं कवि  की कल्पना और अनुभूति से अनुप्राणित होकर समाज की धारा में पुन: आ मिलती हैं |कवि  युगीन परिस्थिति और परिवेश से कैसे उदासीन रह सकता है ? अधिकाँश नवगीतकारो ने वर्त्तमान राजनीति और राजनेताओं को उनके कदाचार के लिए धिक्कृत किया| इस संबंध में श्री देवेन्द्र शर्मा इंद्र जी लिखते हैं कि-“वर्त्तमान जीवन के विविध आयाम राजनीति के पैने नुकीले दांतों और नाखूनों से आज बेतरह दंशित और आहात होकर रक्तरंजित हो चुके है, नवगीत उनके रिसते वृणों पर एक तरह से मरहम पट्टी करने  की भूमिका अदा करता है|”(पृ.45,नवगीत दशक 1-स.शंभुनाथ सिंह )
भ्रष्ट नेताओं के दुराचरण की कहानियां मीडिया में सुर्खियों के साथ समाज को आंदोलित करती रहती है|युगबोध के प्रति नवगीत की जागरूकता को कही अधिक स्पष्ट शब्दों में सोमठाकुर ने इन पक्तियों में व्यक्त किया है-
नवगीत सामाजिक पलायन के विरुद्ध है|वह व्यवस्था से जूझता हुआ भीड़ की हर इकाई को सुनता है और उसकी आवाज पर पूरे दायित्व के साथ क्रियाशील रहता है| वह युद्ध स्थितियों से त्रस्त होता है|अंतरिक्ष की उपलाब्धियों को अनुभूति का धरोहर मानता है|सांस्कृतिक संबंधो का सहभागी होता है |तीज त्योहारों की प्रतीक्षा करता है|मांगलिक संस्कारों के क्षणों में आह्लादित होता है और अवसाद के क्षण में आर्दचक्षु भी| यदि उसमे कही आवेश भी है तो वह बहुत पचा हुआ है|उसमे वाष्पन मात्र नहीं है, बस प्रगाढ़ संतृप्तता ही है| ”(पृ.29 ,नवगीत दशक 1- वही)
युगबोध की चर्चा करते हुए सोमठाकुर अपने नवगीत का उल्लेख करते हुए लिखते हैं –
“टूटे धनु/बाण नहीं छूटे/कोहरे के पर्तो में लक्ष्यबिंदु खोए
डूब गयी पीछे की भीड़ कहीं/लहरों ने चीडवन भिगोए/
पहचाने ताड़ लग रहे छोटे / धरती पर बैठ गयी  ऊचाई/
जग गयी हवा गहरी खाईं में /रेखा रेखा होकर बिखरी काई/
मोती के सीप नहीं दोहराए लहरों ने/हंसो ने पंख नहीं धोए| ” (-पृ.35,नवगीत दशक 1-वही )
नवगीत के विविध आयामों का उल्लेख करते हुए ओम प्रभाकर लिखते हैं –“नवगीत न तो लोकागीतात्मक रचना है और न केवल नगरबोध की कविता, बल्कि वह कविता है जो आज का संपूर्ण जीवन है|उसके कथ्य और शिल्प का आस्वाद एक कठोर और खुरदरे हाथ के स्नेहमय स्पर्श का आस्वाद है| वह संगीत ,लय ,छंद,तुक और ताल की समस्त पारंपरिक रूढियो से मुक्त होता हुआ भी उनकी मूल धारा से जुड़ा हुआ है| वह एक ऐसा काव्य रूप है जो वास्तविक रचना के आतंरिक अनुशासन से अनुशासित है|” (पृ.57 –नवगीत दशक 2 ,वही )
चर्चित नवगीतकार भारतेंदु मिश्र के समस्त गीतों और नवगीतो को कालक्रम के अनुसार एकत्र करके डा.रश्मिशील ने ‘अनुभव की सीढी ’ नामक पुस्तक के रूप में संपादित किया है|इस पुस्तक में भारतेंदु मिश्र के तीन दशको (1980-2010 तक ) के गीतों नवगीतों को  संकलित किया गया है| प्रवृत्ति और हिन्दी नवगीत का अटूट संबंध है| युगीन प्रवृत्तियों को ध्यान में रखते हुए ही नवगीतकार नवगीत की रचना करते हैं |भारतेंदु मिश्र के नवगीत हिन्दी नवगीत की परंपरा को आगे बढाते हुए समाज की  तथा उसमे रहने वाली प्रवृत्तियों की झांकी को प्रतिबिंबित करते हैं |उनके गीतों नवगीतो का वर्गीकरण इस प्रकार है-
(क) बांसुरी की देह(राग विराग और गृह रति के नवगीत)
(ख)बाकी सब ठीक है (नगरबोध,विसंगतिया और आस्था के गीत नवगीत )
(ग)  मौत के कुए में (स्त्री मजदूर,और किसान चेतना ,श्रम सौन्दर्य के गीत नवगीत )
(घ)  जुगलबंदी  (राजनीति ,धर्म,दर्शन,और बाजारवादी समय के गीत नवगीत )
(ङ)   शब्दों की दुनिया (कुछ मुक्तक ,कुछ अनुभव गीत )
इस संग्रह को पढ़ते हुए मुझे यहाँ आभास होता है कि कवि  के नवगीत विषय की विविधता को अपने अंतस में समेटे हुए समसामयिक यथार्थबोध से गहरे रूप से जुड़े हुए हैं | ‘नवगीत के अक्षर’  नामक गीत में भारतेंदु मिश्र इस बात को स्पष्ट करते हुए लिखते हैं –
‘समय ने तीखी छुरी से/आग पानी हवा धरती पर/लिखे है नवगीत के अक्षर|’(पृ.60-अनुभव की सीढी)|
इस पंक्ति से यह बात साफ़ हो जाती है कि नवगीत अपने उद्भव काल से ही समसामयिक युगबोध से तटस्थ होकर जुडा है| मध्यकाल की प्रबल भक्तिधारा जिस तरह साहित्य,संगीत,कला  में उमड़  रही थी वह छायावाद के पड़ाव  को पार कर  नवगीतो तक आते आते अपना वेग खो चुकी है| उसके स्थान पर प्रतिस्पर्धा ,लालसा,संघर्ष ,हिंसा,भोग,सुख की आसक्ति और धनलिप्सा ने अधिकार जमा लिया है| परन्तु इसके साथ ही वैज्ञानिक प्रगति, प्रौद्योगिकी,यांत्रिकी,जन साधारण की महत्ता,लोकतंत्र,नारी शिक्षा,सामाजिक चेतना,दलितोद्धार,बौद्धिकता,उदारता ,धार्मिक सहिष्णुता ,कृषि वाणिज्य में उन्नति,शिक्षा के प्रचार प्रसार जैसी सकारात्मक स्थितिया भी आयी हैं |यहाँ परिवर्तन क्यों और किस प्रकार आया है? इसका उत्तर भारतेंदु मिश्र के नवगीतो में अभिव्यक्त युगबोध का विश्लेषण ही दे सकता है|
राष्ट्र(नेशन ) और राज्य(स्टेट ) के वास्तविक अर्थ को समझना आवश्यक है|राष्ट्र एक विशेष भूभाग में रहने वाले लोगो का वह समूह होता है जिसमे भावात्मक एकता होती है|इसी भावात्मक एकता के आधार पर वे परस्पर घनिष्ठ रूप से संबंधित होते हैं|राज्य का अभिप्राय है एक निश्चित भू भाग पर बसने वाला वह समूह जो राजनीतिक रूप से संगठित हो तथा आतंरिक और वाह्य नियंत्रण से मुक्त हो|राष्ट्र राज्य से बृहत्तर भूभाग पर संगठित रहता है| राष्ट्र निर्माण के अनेक तत्व हैं जैसे सामान्य भाषा,सामान्य धर्म,सामान्य रीति रिवाज,सामान्य इतिहास ,सामान्य संस्कृति आदि |राष्ट्र निर्माण के लिए एक साथ रहने की प्रवृत्ति तथा भावात्मक एकता का होना अनिवार्य है| इसप्रकार राष्ट्र मनोवैज्ञानिक ,सांस्कृतिक आध्यात्मिक तथा वैचारिक एकता है –जो एक राज्य के अस्तित्व के लिए अनिवार्य है|
प्रो.राजेन्द्र गौतम के अनुसार –“आज राष्ट्रीयता का अर्थ मात्र राजभक्ति नहीं है|यह व्यापक अर्थ में प्रयुक्त होता है| नवगीत राष्ट्रीय भावना से भरपूर काव्य है|कवियों ने संपूर्ण भारत राष्ट्र में अपने राज्यों के गौरव का गायन बड़ी श्रद्धा के साथ किया है|इस तरह राष्ट्र प्रेम नवगीत का विशेष आयाम है|यह राष्ट्र प्रेम या देश भक्ति  विविध रूपों,आयामों में प्रस्फुटित होकर पाठक और श्रोता के मन को स्वाभिमान,बलिदान और त्याग की भावना से ओत प्रोत कर देती है| राष्ट्रीय  गौरव से ओतप्रोत ये रचनाए अधिकाँश नवगीतकारो के संकलनो में उपलब्ध होती हैं|” डा.भारतेंदु मिश्र की रचना ‘देश यह हमारा है ’ की ये पंक्तिया दृष्टव्य हैं –
हिमगिरि  से सागर तक देश यह हमारा है
एक एक रजकण  भी प्राणों से प्यारा है|
वंशी के स्वर डूबी यमुना मनभावन है
सतत सुधा छलकाती देवनदी पावन है
एक बूँद गंगाजल अंत का सहारा है| (पृ.73,अनुभव की सीढी )
भारत जैसे राष्ट्र की वर्त्तमान स्थिति का राजनीतिक परिदृश्य आज बहुत शोचनीय है|सत्ता लोलुपता के कारण राजनीति बहुत कलुषित एवं दूषित हो गयी है|सभी नवगीतकारो ने एक स्वर से इस भयावह परिदृश्य की निंदा की है| भले ही राष्ट्र में कहने को लोकतंत्र ,गणतंत्र और प्रजातंत्र है पर सच्चाई यह है कि ये अब भीड़तंत्र बनकर रह गया है| जाति , धर्म, संप्रदाय,वर्ग,भाषा और क्षेत्रीयता के आधार पर सब वोट माँगते हैं |मतदान केन्द्रों पर बाहुबली कब्जा कर लेते हैं |इस स्थिति का भयावह वर्णन कवि  इन शब्दों में करता है-
अच्छा सेवक समझा जिसको ,वोट और सम्मान दिया था
भस्मासुर को जैसे शिव ने मनचाहा वरदान दिया था
मन का शंकर भाग रहा है ,कैसे इससे प्राण छुडाऊँ |
अत्याचारी आज देश में धीरे धीरे जाग रहा है
मोह मुग्ध होकर के अर्जुन युद्धभूमि से भाग रहा है
बैठो पास हमारे क्षण भर गीता का उपदेश सुनाऊं|| (पृ.156 –अनुभव की सीढी )
अत्याचारियों और बाहुबलियों का जैसे जैसे बोलबाला होता जा रहा है इस भयावह परिवेश में सीधे सादे शालीन लोगो की स्थिति आज के समय में ठीक नहीं है| अर्थात आज का सच्चा नायक युद्ध भूमि में खडा होकर इन लोगो से लड़ नहीं पा रहा है|अराजकता के समय में क़ानून का भय समाप्त हो जाता है| नेक शरीफ शिष्ट लोग सड़को पर उतरे हिंसक दलो द्वारा की जा रही लूटमार ,आगजनी,हिंसा,अपहरण,बलात्कार का चीत्कार सुनते हुए घरो में छुपे रहते है और क़ानून व्यवस्था का चीरहरण होते देखते हैं-
देश की हर राह खूनी हो गयी है
वासना की प्यास दूनी हो गयी है
प्रेम,सच,उपदेश बनकर रह गया है
व्यक्ति अपनी आत्मा को छल रहा है
जड़ तिमिर की और गहरी हो गयी है| (पृ,151 –वही )
आज के समय की विकृति जैसे भूमंडलीकरण,विदेशियों के पर्यटन,पंचसितारा होटलों के रहन सहन ,आधुनिकता और पाश्चात्य संस्कृति आदि के प्रभाव से जो युगीन चेतना बन रही है - भारतेंदु मिश्र अपने नवगीतो में इन सभी का चित्रण करते हैं | भारतीय संस्कृति के अधोपतन के लिए भ्रष्ट राजनेता, नौकरशाह ,मुनाफाखोर व्यापारी,पश्चिमी रंग में रंगे नवधनाड्य ही अधिक उत्तरदायी हैं|कालाधन कमाकर धनकुबेर बने अपराधी भी स्वयं संस्कारहीन,चरित्रहीन,नैतिकताविहीन होने से संस्कृति को नष्ट करने में अग्रणी रहे हैं |
‘अनुभव की सीढी ’नामक पुस्तक में अंतिम तीन दशको से बदल रहे गाँवों की अभिव्यक्ति –भूख ,गरीबी,शोषण,आर्थिक सामाजिक,राजनीतिक,और सांस्कृतिक असंगतियो और विसंगति के रूप में चित्रण मिलता है|भूमंडलीकृत ग्रामीण व्यवस्था से पहले गाँवों का सामाजिक संगठन सौहार्दपूर्ण था |सभी जातियों धर्मो के लोग शान्ति प्रेम और सद्भावपूर्वक रहते थे| परन्तु आज वोटो के तुष्टीकरण की वजह से पहले जैसा भाईचारा नहीं रहा| पंचायती चुनावों में कई बार जातीय द्वेष इतना बढ़ जाता है कि हिंसा भी भड़क जाती है| गाँवों की सबसे बड़ी समस्या अशिक्षा गरीबी और बेरोजगारी है, भले ही जमीदारी प्रथा समाप्त हो गयी है पर उच्चकुलीन जातियों के पास अभी भी बड़े खेत हैं |निम्न जाति के लोगो के पास कृषि योग्य भूमि कम है |अत: वे खेत में मजदूरी करके अपना गुजारा करते हैं |किसानो को अपनी फसल का पूरा मूल्य नहीं मिल पाता ,आढ़ती या दलाल उसके लाभ को हड़प लेते हैं |इसी बात को ‘जमीदार की डोली ’ नामक नवगीत में भारतेंदु मिश्र जी कहते हैं-
सीटी बजती /पूरा गाँव मौन हो जाता था
पेशी में अधमरे /खड़े हो जाते बनकर टोली|
गाली देते चपत मारते /उनके चेले चापर
जीवित थे फिर भी किसान /उस शोषण की सुविधा पर|(पृ-119,वही )
गाँवों में खेतिहर मजदूरों को आज भी बहुत कम मजदूरी मिलती है|मंहगाई और लागत  दर  की बढ़ोत्तरी की वजह से जिस रूप में किसानो के अनाज का समर्थन मूल्य बढ़ना चाहिए था ,वह नहीं बढ़ा और न ही मजदूरी बढी| इस तरह गाँवों में दोनों की हालत बद से बदतर होती जा रही है|संसाधनों के अभाव में गाँव की युवा पीढी शहरो की और भाग रही है –वह चाहे सूचना के लिए,रोजगार के लिए या फिर उच्च शिक्षा के लिए पलायन जारी है| उनका जीवन आज भी गोदान के होरी की तरह अभावग्रस्त और समस्यापूर्ण है|सामान्य जीवनयापन के लिए आज भी सड़क  ,पानी,बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं बहुत से गाँवों में नहीं हैं | कुछ पंक्तियां देखें—
रोटियों सी गोल है दुनिया
और हम मजदूर होते हैं
देह अपनी बाँटते है हम
और थककर चूर होते हैं |
पढ़ न पाए हम गरीबी में
बढ न पाए बदनसीबी में
शोषकों की दृष्टि में तो हम
नाक का नासूर होते हैं | (पृ.126-वही )
इन अभावो के होते हुए भी गाँव के लोगों का सादा जीवन ,निष्कपट प्रेमपूर्ण व्यवहार,प्राकृतिक सौन्दर्य और प्रदूषण रहित स्वच्छ वातावरण अभी तक बना हुआ है|सरकार ने शहरों के विकास पर जितना ध्यान दिया है जितना धन व्यय किया है उसका शतांश भी गाँवों के विकास के लिए सुलभ नहीं हुआ है| फलस्वरूप गाँव पिछड़ते गए और शहर फलते फूलते गए| जीविका की तलाश में युवा पीढी ने शहरों की ओर पलायन किया तो दिल्ली,मुम्बई,कोलकाता,चेन्नई जैसे महानगर जनसंख्या के दबाव में गंदी बस्तियों से घिर गए|इस तरह राष्ट्र की दोहरी हानि होने लगी| एक ओर गाँव युवको से रहित हो गए , दूसरी ओर बुढापा काट रहे लोगो की पीढ़ियां ही गाँवों में ज्यादातर बची हैं| गाँवों से युवाओं के आने पर  शहरों महानगरों का वातावरण भीड़ तथा झुग्गी बस्तियों के कारण प्रदूषित हो रहा है| ऐसी नारकीय परिस्थिति में गंभीर अपराध तो पनपेंगे ही | बड़े शहरों की ऐसी बस्तियों में कहीं बलात्कार ,अपहरण तो कही ह्त्या की वारदातें करने वाले लोग भी छिपने लगे हैं|इस अविवेक पूर्ण नीति की भारी कीमत राष्ट्र चुका रहा है| भारतेंदु मिश्र  के शब्दों में गाँव से शहर तक गयाप्रसाद की स्थिति कैसी बदल रही है—
गाँव में अकाल पड़ा , तो शहर में आ गया था
पेट पालना ही सीखता रहा गयाप्रसाद
खोमचा लगाया कभी पान बेचने लगा वो
जिन्दगी का खेत सींचता रहा गयाप्रसाद
टी.बी. जो हुई तो रिक्शा खींचना मोहाल हुआ
खून से ही गाड़ी  खींचता रहा गयाप्रसाद
इन्कलाब की अटूट आस्था संजोये हुए
भीड़ में अकेले चीखता रहा गयाप्रसाद| (पृ-134-वही  )
गयाप्रसाद गाँव छोड़कर शहर में कभी खोमचा लगाकर , कभी पान बेचकर तो कभी रिक्शा खींचकर जिन्दगी का खेत सींचता है| तब उसे अहसास होता है कि शहरी मजदूरों की स्थिति गाँव के मजदूरों से भी ज्यादा बदतर है|
भारत में स्त्री असमानता को लेकर जब भी बात की जाती है तो अक्सर स्त्रीविमर्शकारों के द्वारा ग्रामीण स्त्री की चर्चा नदारद जैसी प्रतीत होती है| चाहे  सत्ता द्वारा फैलाया जा रहा भ्रमजाल हो, चाहे सशक्तीकरण का मसला हो या मुक्ति के मिथक की बात हो स्त्री उसी में घिरती नजर आती है|ग्रामीण स्त्री का चित्रण जिस रूप में हिन्दी नवगीत में आया है उस रूप में स्त्री विमर्शकारों के यहाँ नहीं है | भारतेंदु मिश्र ‘लड़की ’ शीर्षक नवगीत में गाँव की उस लड़की की चर्चा करते हैं जो सपने तो बड़े रखती है लेकिन अभावों की वजह से वह अपना सपना पूरा नहीं कर पाती| बल्कि जीवन भर घुटन की जिन्दगी जीती है—
सपनों की किरचो पर नाच रही लड़की
अपने ही झोक रहे चूल्हे की आग में
रोटी पानी ही तो है इसके भाग में
संबंधो के अलाव ताप रही लड़की |
ड्योढी की सीमाए लांघ नहीं पायी है
आज भी मदारी से बहुत मार खाई है
ताने हुए तारों पर काँप रही लड़की| (पृ.139-वही )
 इस नवगीत में गाँव की लड़की का चित्रण देखकर ऐसा लगता है मानो नवगीतकार ने गाँव की जिन्दगी को संजीदगी के साथ जिया ही नहीं बल्कि भोगा हुआ है या बहुत करीब से देखा है| भारतेंदु मिश्र अपने नवगीत में बाजार के ग्लेमर से प्रभावित स्त्री की बात न करके उस स्त्री की बात करते हैं जो परंपरा की धूल में लिपटी है और स्वाभाविक रूप में दिखती है|इस प्रकार की स्त्री पर नवगीतो मे गंभीर विमर्श हुआ है|
अंतत: ‘अनुभव की सीढी’ के नवगीत पढ़ते हुए निष्कर्ष रूप में यह तथ्य सामने आया कि नवगीत में राजनीतिक ,सामाजिक,परंपरागत ,एवं वैश्विक,चिंतन से संबद्ध आयामों की जितनी व्यापक स्पष्ट और सजीव अभिव्यक्ति मिलती है उतनी अंतिम तीन दशकों के समानांतर चलने वाली कविता में नहीं दिखती| नवगीतो में युगीन परिस्थितियों के प्रति असंतोष भले ही हो पर उनमे आस्था ,विश्वास और दृढ संकल्प है| युगीन चेतना के संदर्भ में भारतेंदु मिश्र के गीतों में पर्याप्त समानता  और विषमता भी है|
शोधार्थी
रमाशंकर सिंह
दिल्ली विश्वविद्यालय दिल्ली- 7
मो-9560827524 
   

शुक्रवार, सितंबर 09, 2016


षष्टिपूर्ति पर विशेष ---

संघर्ष के साथी नवीन जी


लखनऊ, उन्नाव और इलाहाबाद जैसे शहर निराला जी के फक्कड़पन के गवाह रहे है| इन शहरो में निराला जी की हजारो सच्ची झूठी किंवदंतियाँ भी प्रचलित हुई |इनमे से कुछ किस्से लोग आज भी दुहराते हैं |भाई सुरेश कुमार पर भी निराला जी  के किसी जीवन प्रसंग का ऐसा गंभीर असर पडा कि उन्होंने अपना नाम आवारा रख लिया फिर बाद में उसमे नवीन भी जुड गया| उस दौर में शायरों और कविता करने वालो को आवारागर्द समझा भी जाता था| निराला का फक्कड़ स्वभाव तो कवियों का आदर्श बन ही गया  था ,दूसरी ओर कवियों और शायरों की बदचलनी के किस्सों के कारण सद्गृहस्थ लोग उन्हें अपने घरो में घुसने नहीं देते थे|नवीन जी ने इन अवधारणाओ से मुकाबला करने के लिए ही शायद युवावस्था में अपना नाम आवारा नवीन रखा और साबित भी कर दिखाया कि वे जितने सद्गृहस्थ है उतने ही बड़े साहित्य सेवी भी हैं |
शायद सन 1979 में नवीन जी से ल.वि.वि.के हिन्दी विभाग में पहली बार मुलाक़ात हुई ,फिर ‘मानस वीथिका’(संपादक-श्री उमादत्त त्रिवेदी) पत्रिका के कार्यालय राजाबाजार लखनऊ में मेरी मुलाक़ात श्री गिरिजाशंकर शुक्ल  जी ने भाई सुरेश कुमार उर्फ़ आवारा नवीन जी से मुलाक़ात कराई थी|यह दूसरी मुलाक़ात साहित्यिक थी |गिरिजाशंकर जी पत्रिका के सहसंपादक तो थे ही उनपर प्रूफ देखने की भी जिम्मेदारी थी|वो  विश्वविद्यालय के दिन थे,तब मै लखनऊ वि.वि. में एम.ए.का विद्यार्थी था|नवीन जी कविताए लिखते थे|गोष्ठियां आयोजित करते थे|उन्ही दिनों मेरी कुछ तुकबन्दियाँ भी ‘मानस वीथिका’ में प्रकाशित हुई थीं तो कविता ने अनायास ही हमारी मैत्री को सुदृढ़ कर दिया |
उस समय अशोक पाण्डेय अशोक,राजहंस मिश्र दीपक ,अजय प्रसून,उमेश चन्द्र पाठक ,रंजना श्रीवास्तव,डंडा लखनवी,अशोक ऋषिराज जैसे अनेक कवि मित्रो से भाई नवीन जी ने ही मिलवाया|हम लोग अक्सर आगामीर ड्योढी स्थित कुमुदेश भवन में श्री अशोक कुमार पाण्डेय जी के सानिध्य में बैठकें करने लगे|अमीनाबाद में कंचना रेस्टोरेंट और गंगाप्रसाद मेमो.पुस्तकालय के अलावा नरेन्द्रदेव पुस्तकालय अमीरुद्दौला पुस्तकालय,गांधी भवन ,हिन्दी संस्थान तथा काफी हाउस  आदि में भी हमारी बैठके होने लगी थी|  इसी बीच सन 1981  मे युवारचनाकार मंच,लखनऊ की स्थापना की गयी|उमेशचन्द्र पाठक जी को मंच का अध्यक्ष चुना गया|1 फरवरी को तभी से युवारचनाकार दिवस मनाया जाना शुरू हुआ| हम लोग तब साइकल से पूरा लखनऊ मथते रहते थे| कहना आवश्यक है कि तभी से नवीन जी लखनऊ के सभी गैर सरकारी साहित्यिक कार्यक्रमो का संयोजन करते आ रहे हैं |वे जितने सहज व्यक्ति हैं उतने ही कुशल संयोजक |उनके मन में साहित्य और साहित्यकारों की सेवा का जो अकुंठ भाव है वह मुझे अन्य किसी साहित्यकार में नहीं दिखा|विवादों से परे रह कर साहित्य के लिए तन मन धन के समर्पण का उनका भाव वरेण्य ही नहीं अनुकरणीय भी है| इसी लिए वो नई तरह के आवारा हैं |मैंने बहुत पहले नवीन भाई को समर्पित आवारा बादल शीर्षक एक गीत में लिखा था-
तुम मेरे जैसे सैलानी या मैं तुम सा आवारा हूँ
तुम भी भटक रहे हो प्रति पल मैं भी थका और हारा हूँ
किन्तु हार कर भी जीवन में अपनी शक्ति टटोल रहा हूँ
खारे जलनिधि से उपजा हूँ मधुर माधुरी घोल रहा हूँ
खट्टे कडवे अनुभव लेकर तैर रहा हूँ ,डोल रहा हूँ |
  नवीन जी मेरे संघर्ष के साथी हैं,वो आज भी संघर्ष कर रहे हैं|सुख में आनंद से भीजने वाले और दुःख में करुणा से विगलित होने वाले मित्र अब नहीं मिलते| नवीन जी इसी कोटि के मेरे मित्र हैं |बड़े छोटे सभी प्रकार के साहित्यकारों के लिए दरी बिछाने और अपने पैसों से माला लेकर स्वागत करने तक एक पैर से जिन्हें खड़े देखा वह भाई नवीन जी ही हैं|कई बार मुझे उनकी इस सदाशयता पर खीझ भी हुई लेकिन वो है कि सहज भाव से डट जाते  हैं |यही कारण है कि युवा रचनाकार मंच से जुड़े सैकड़ो की संख्या में साहित्यकार आज उनके मित्र हैं |पता नहीं कितने शोधो में उनका उल्लेख है|हालांकि वो हिन्दी पत्रकारिता में एम.ए. हैं,उस समय नौकरी की दिशा में यदि उनके प्रयास फलीभूत होते तो शायद उनका जीवन कुछ और होता किन्तु अब वे अजातशत्रु बने चुके हैं|अपने स्वाभिमान के साथ संघर्ष की राह पर वो संतुष्ट हैं| इस बाजार वादी और भोगवादी समय में लखनऊ में शायद ही नवीन जैसा कोई  दूसरा साहित्य सेवी मिले|
बेरोजगारी के दिनों में अक्सर नवीन जी मुझे फिल्म दिखाते थे| अचानक पूछते –‘कोई काम तो नहीं है ?’..मैं कहता-‘नहीं ...बताएं ? कहीं चलना है ?’| ‘अरे एक बड़ी अच्छी पिक्चर लगी है..’ मैं कहता-‘मेरे पास पैसे भी नहीं हैं |’ नवीन जी कहते -उसकी चिंता मत कीजिए ‘दो एडवांस टिकट ले आया हूँ|’ मैं निरुत्तर हो जाता था| साहित्यकारों पत्रकारों के अलावा लखनऊ में   उम्दा पान की दूकानों, फोटोग्राफरो , अच्छी चाट वाले ,अच्छी मिठाई और नमकीन की दूकानों का पता नवीन जी को ही मालूम रहता था|आज भी उन्हें इस काम में महारत हासिल है| नवीन जी तब राजाबाजार स्थित होमियोपैथिक चिकित्सालय में  पार्ट टाइम कम्पौंडर थे|वही पर  डॉक्टर अनंत माधव चिपलूणकर जी के साथ उनसे अनेक मुलाकाते हुआ करती थीं |युवा अवस्था के वे दिन साहित्य और जीवन को समझने की एक प्रकार की पाठशाला जैसे बन गए थे| तब हम लोग साइकल से पूरा लखनऊ घूमते थे|उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान में आयोजित प्राय: सभी कार्य्रक्रमो में हम लोग भाग लेते थे| सन 1978  से 1986  तक का समय मेरे लिए साहित्य के संस्कार सीखने समझने का था| इन्ही दिनों –लखनऊ में आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी,शिवमंगल सिंह सुमन,डा.देवराज ,प्रो. कुवर चन्द्रप्रकाश सिंह,लक्ष्मीशंकर मिश्र निशंक,महादेवी वर्मा ,अमृतलाल नागर ,रमई काका ,चतुर्भुज शर्मा,डा.विद्यानिवास मिश्र ,शिवबहादुर सिंह भदौरिया,शिवसिह सरोज,पंडित सोहनलाल द्विवेदी,ओदोलेन स्मेकल,प्रभाकर माचवे,गंगा रत्न पाण्डेय,डा .श्यामसुन्दर मिश्र मधुप ,डा,राजेन्द्र मिश्र जैसे बड़े साहित्यकारों को सुनने जानने का अवसर भी मिला|जिनकी अनेक यादें मेरी जीवनी शक्ति बन चुकी हैं | प्रो.हरिकृष्ण अवस्थी और प्रो.सूर्यप्रसाद दीक्षित जैसे गुरुजनों का दिया हुआ हिन्दी संस्कार तो मुझे लगातार हिन्दी में कामा करते रहने की प्रेरणा देता ही है| विश्वविद्यालय में मेरे सहपाठी  डॉ.सुशील सिद्धार्थ और स्थानीय गोष्ठियों मेरे मित्र भाई नवीन जी मुझे साहित्य की दुनिया और आयोजनों से अनेक रूपों में जोड़े रखते थे | अग्रज अशोक पाण्डेय जी से हम सभी छंद की बारीकियां सीखते थे| अर्थात जीवन और कविता के सरोकार से मेरा परिचय कुछ इसी प्रकार हुआ |सं 1981 में वरिष्ठ कवि  मंगलेश डबराल जी से भी पहली मुलाक़ात नवीन जी ने ही कराई|तब वो अमृत प्रभात में नौकरी करते थे| सन 1983 में रिटायर होकर दिल्ली से लखनऊ  पहुंचे स्व.गंगारत्न पाण्डेय जी  के घर पर हम लोगो की अनेक गोष्ठियां होती थीं |हमेशा इन गोष्ठियों के आयोजन नवीन जी ही करते रहे|
लगभग  ३० वर्ष पहले १९८६ में नौकरी के चक्कर में मैं  दिल्ली चला आया किन्तु जाने कब नवीन जी मेरे परिवार के अभिन्न सदस्य बन चुके थे |मैं लखनऊ में नहीं था तो भी नवीन जी मेरे भाइयो बहनों माता पिता तथा अन्य रिश्तेदारों से लगातार जुड़े रहे |साहित्य का कोई विशेष फेवीकोल उनके पास जरूर है जिससे वो सबको जोड़कर रख लेते हैं | सन २०१० से नवीन जी ही ‘शिक्षक साहित्कार सम्मान’ के संयोजक हैं | उनसे किसी बात पर विवाद हुआ हो ऐसा कोई प्रसंग मुझे याद नहीं आता| नवीन जी की एक छोटी सी कविता अक्सर मुझे जीवन के अनेक मोड़ो पर याद आती रही वह इस प्रकार है-
‘तुम्हारा अलास्टिकी  व्यक्तित्व /खूब सिकुड़े खूब तने/लेकिन किसी के लिए गुलेल न बने|’
नवीन जी कई वर्ष तक दैनिक जागरण के लखनऊ  कार्यालय में भी नौकरी करते रहे |जब उनका कानपुर के लिए तबादला हुआ और कई साथियो के साथ कामरेड प्रमोद त्रिपाठी आदि को निकाल दिया गया तो उन्होंने  भी नौकरी छोड़ दी|
 युवा रचनाकार मित्रो का एक सहयोगी  काव्य संकलन ‘दस दिशाएं ’ अंतर्राष्ट्रीय युवा वर्ष और बाबू भारतेंदु हरिश्चंद्र निर्वाण शताब्दी वर्ष  -१९८५ में नवीन जी के सहयोग और लगन से ही निकल सका | नवीन जी संकल्प सिद्ध व्यक्ति हैं और बनिए की नौकरी करते हुए आज भी सहज भाव से सक्रिय हैं|वो सौभाग्यशाली भी है कि उन्हें उनकी जैसी ही कदम कदम पर साथ देने वाली संघर्षशील पत्नी भी मिलीं |13 जून 2016 को उनकी षष्ठिपूर्ति होने जा रही है| ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें शतायु करे तथा सपरिवार स्वस्थ सानंद रखे|


--जिसने बरगद को सीचा है--
वो आवारा
वो है नवीन|
जो आत्मीय सहजात सदृश
जो मित्रो के घर का सदस्य  
वो है  नवीन|
जो साइकल का अद्भुत सवार
सेवा है जिसकी निर्विकार
वो है नवीन|
श्रम श्लथ है जिसका कर्म सहज
बस चाह भारती की  पद -रज
वो है नवीन |
जो लिए बिना ही धन्यवाद
अवसाद पी गया मित्रो का
वो है नवीन |
होकर अकुंठ साहित्य जिया
दुःख में अपनों का साथ दिया
वो है नवीन |
छाया का याचक बने बिना
जिसने बरगद को सींचा है
वो है नवीन |
भाई  नवीन जी और  भारतेंदु मिश्र 
....
भारतेंदु मिश्र
सी-45/वाई-4,दिलशाद गार्डन ,दिल्ली-110095
फोन-9868031384 



सोमवार, जून 27, 2016


सच से साक्षात्कार कराते गीत(पाठकीय प्रतिक्रिया )
#राकेश कुमार श्रीवास्तव
         
 जब कोई युवा गीतकार किसी वरिष्ठ गीतकार के गीतों को पढ़ता है। तो उसकी स्थिति समंदर के किनारे बैठकर कंकड़ बीनने जैसी होती है। वह अपने कद के नाप तौल में जुट जाता है। कई भरम टूट जाते हैं। रश्मि शील जी द्वारा सम्पादित पुस्तक"अनुभव की सीढ़ी"में जब मैंने भारतेंदु जी के नवगीतों को पढ़ा तो लगा कि गीतकार कहलाने में और होने में कितना फर्क होता है। मंचो ने गीत को आम आदमी से दूर कर दिया है। ऐसे में भारतेंदु जी जैसे वरिष्ठ नवगीतकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। युवा कवि जो संभावनाशील हैं वे मंचो की ओर दौड़ रहे हैं या यूँ कहें यथार्थ से दूर हो रहे हैं। गीत इस समय कठिन दौर में है।नए कवि सपाट बयानी में रत हैं ऐसे में भारतेंदु जी के गीत उम्मीद की किरण हैं।और इस किरण को और उजास देने का भागीरथी प्रयास डॉ रश्मी शील शुक्ला ने किया है जिन्होंने भारतेंदु जी के नवगीत रूपी मोतियों को एक सुन्दर हार के रूप में जोड़ कर प्रस्तुत किया है। इस हार की खासियत यह है कि ये कहीं से भी ढीला नहीं है। गीत प्रेमियों के लिए ये अनुपम उपहार है।
            आज जब मंचो के ग्लैमर में लोग प्रायोजित लेखन करने में लगे हैं तब भारतेंदु जी जैसे रचनाकार ही हैं जो हमें यथार्थ का बोध करा रहे हैं। उनके गीतों में कहीं भी बनावटीपन नहीं है। उनके गीत सच का साक्षात्कार कराते हैं। शोषण पर तंज़ देखिये-
      "एकनिष्ठ बगुले का
        सहज लक्ष्य बोध
        एक टांग खड़े खड़े
        मछली का शोध।।"
वर्तमान समय में व्याप्त भय, असुरक्षा , असंतोष, पर कवि ने पूरी ताकत से कलम चलाई है। समाज में व्याप्त विसंगतियों को सामने लेन का काम कलम करती है। कलम अगर अपने दायित्व से मुख मोड़ ले तो लेखन उदेश्य हीन हो जाता है। भारतेंदु जी जैसे गीतकार अपनी जिम्मेदारियां खुद तय करते हैं और उन्हें  प्रण पूर्वक पूरा करने का साहस भी दिखाते हैं ।
         "वय के गलियारे में पैर डगमगाते हैं
          रास्ते अपरिचित हैं किन्तु बढे जाते है।।" कवि अपरिचित और कठिनाई भरे रास्तों पर बढ़ने के लिए प्रेरित करता है यही कवि का धर्म होता है कि वह हमें नैराश्य से बहार निकाले। हमारी ऊर्जा का हमें अहसास कराये। कवि ने व्यंगात्मक लहज़े में अपनी बात कही है ।सपाट बयानी तो उनके गीतों से कोसों दूर है। यही व्यंजना पाठकों को जोड़े रखती है। उनके गीत भीतर तक मार करने वाले हैं। वे हमें सोचने पर विवश करते हैं। यही कवि की सफलता है। वे कहते हैं-
   "अगस्तयों ने पि लिया है सिंधु का सब जल
     और हर मछली तड़पती प्यास से घायल
     ढल गई कविता किसी बूढ़ी तबायफ सी।।"
उनके द्वारा प्रयोग किये गए प्रतीक सटीक मार करते हैं।
              विश्व् अब बाजार हो गया है। हर चीज़ बिकने को तैयार है। कवि की चिंताए इस बात को लेकर है कि कहीं इस दौड़ भाग में हम अपनी संस्कृति एवं अस्तित्व को न खो बैठें। और उसका ऐसा सोचना निरार्थक भी नहीं है।बड़े देश हमेशा छोटे देशों के प्रति दुराग्रह रखते हैं। उन्हें हम केवल बाजार दिखाई देते हैं। इसका दुष्प्रभाव हमारे देश पर भी पड़ा है।-"नेताओं की एक राय है
                     यह दुनिया बाजार बने।
                    हंसिया सुई हथौड़ा छोडो
                   मानव बम हथियार बने।
      कवि अपने गांवों के भोलेपन को बचाना चाहता है। यद्यपि वह विकास का पक्षधर है परंतु अंधे विकास का विरोधी भी। शहरी संस्कृति लोगो को दूर करती जा रही है। हमारे देश का आधार लोगों का आपसी प्रेम और सौहार्द्र रहा है जो अब टूट रहा है।"यह शहर है
     चीख सुनकर कौन रुकता है
      बहुत पक्के स्वार्थ निर्भर
    लोग अपने घाव खुद ही चाटते।।"
  राजनीती पर बहुत बातें होती हैं कवि ने भी राजनीति पर प्रहार किये हैं। राजनीति में वंशवाद को कवि ने निशाना बनाया है। वंशवाद वर्तमान राजनीति का सबसे कलुषित पक्ष है। इसके अलावा भी कवि ने मर्यादित होकर रणनीति पर करारे प्रहार किये हैं
   "गूंगे बहरे दरवारी हैं अन्धो का दरवार लगा है
   भीष्म द्रोंण छटपटा रहे हैं दुर्योधन का कर्ण सगा है।
ऐसे में समता की भिक्षा मांग रहे कुछ लोग यहाँ"।
       निष्कर्ष रूप से कहा जा सकता है क़ि,"अनुभव की सीढ़ी"पुस्तक में भारतेंदु जी के श्रेष्ठ नवगीतों को संकलित कर डॉ रश्मि जी ने एक महत्वपूर्ण कार्य किया है। इतने श्रेष्ठ नवगीतों को एक पुस्तक का स्वरुप देकर उन्होंने पाठकों को उपकृत किया है। भारतेंदु जी के बारे में मुझ जैसे छोटे कलमकार के द्वारा इतना ही लिखा जा सकता है कि हमारी पीढ़ी गर्व करेगी कि वे हमारे समय में थे। यह हमारे लिए गौरव की बात है। श्रेष्ठ नवगीतों के संकलन के लिए डॉ रश्मिशील शुक्ल जी को बहुत बधाइयाँ।
राकेश कुमार श्रीवास्तव
युवा गीतकार
सेंवढ़ा जिला दतिया मध्यप्रदेश
मोबाइल 09977527170
पिन 475682

सोमवार, मार्च 21, 2016


नवगीत की आत्मा और पूर्णिमा जी के ज्वलंत प्रश्न

जन का अर्थ है सामान्य मनुष्य-नवगीत मे सामान्य मनुष्य की पीडा और उसके सरोकारो की बात होती है।उस सर्वहारा की संवेदना/संघर्ष कथा/व्यंजना आदि।जन का विलोम है अभिजन।जन की पक्षधरता ही नवगीत की आत्मा है।हमारे मंचीय गीतकारो का समाज अभिजन की सेवा मे लगातार लगा रहा उन्हे ही खुश करता रहा है।उनका कीर्ति गायन नवगीत का लक्ष्य कभी नही रहा।दुनिया भर मे आज भी हाथ का काम करने वाले लोगो की संख्या अधिक है।उन्हे अनुशासित करने वाले लोगो की संख्या कम है।किसान /मज्दूर/कामकाजी महिलाए/सुरक्षाकर्मी/नर्स/इन छोटे छोटे कार्यो से जीवन निर्वाह करने वाले लोगो से 'जन' निर्मित होता है इनके पक्ष मे खडे होना ही नवगीत का अभिप्रेत रहा है।असल मे वही हमारी परंपरा है।महात्मा गान्धी ने क्यो आधी धोती ओढकर पूरी दुनिया को अपनी जनवादी लाठी से अपने सिद्धांतो का लोहा मनवाया।नेल्सन मंडेला ने कैसे जन के पक्ष मे लडकर जेल से संघर्ष करते हुए सत्ता को पराजित किया फिर नई व्यवस्था लागू की।अपने स्वार्थ के लिए सत्ता के पक्ष मे खडे होकर हम सत्ता के दलाल बन जाते हैं।इसीलिए दरबारी कवियो को इतिहास मे कभी सम्मान की दृष्टि से नही देखा गया।मंचीय गीतकार अक्सर मौका देखकर उत्सवधर्मी रचनाए लेकर ताली पिटवाते रहे।वह नवगीत का रास्ता नही है।जनपक्ष के लिए व्यापारिक घरानो/राजनीतिक दलालो/सत्ता के सहयोगियो/धार्मिक भक्तजनो -मौलवियों -पादरियों से अलग सोचवाले लोगो पर तटस्थ होकर विचार करना आवश्यक है।ऐसे लोग बहुत कम है जो धर्म की सत्ता चलाते है/जो राजनीति की सत्ता संभालते है/व्यापारिक जगत पर राज करते हैं।नवगीत उनके विपक्ष मे संघर्ष करने वाले आम जन के पक्ष मे खडा होता है।
पूर्णिमा वर्मन-इसका अर्थ क्या यह समझना चाहिये कि
1. अगर कोई रचना अभिजात वर्ग के विषय में, उनकी मनोदशा के विषय में, उनकी सोच के विषय में लिखी, अभिजात वर्ग के द्वारा लिखी जाती हैं तो वे नवगीत नहीं हैं।
2. उत्सवधर्मी रचनाएँ नवगीत नहीं है।
3. नवगीत व्यापारिक घरानों, राजनीतिक तंत्र, सत्ताधारियों, व्यापारियों का विरोधी है।
4. नवगीत धर्म, सत्ता और राजनीति का तख्ता पलटने के लिये लिखी गई कविता है।
5. किसी देवता या मनुष्य के प्रति लिखा गया गीत नवगीत नहीं है।
6. अभिजात वर्ग की उपस्थिति से गीत नवगीत की जाति से बाहर हो जाएगा।
7. उत्सवों और पर्वों पर लिखे गए गीत नवगीत से बाहर हैं।
8. और अब मुझे यह भी समझ में आ रहा है कि होली दीवाली पर लिखे गये गीत नवगीत नहीं हो सकते हैं सिर्फ ईद पर लिखे गए गीत नवगीत हो सकते हैं जैसा कि नवगीत महोत्सव में भारतेन्दु जी ने इशारा भी किया था....
LikeReply19 March at 10:32Edited
Bhartendu Mishra जी हां नवगीत दरबारी कविता का मार्ग नही है।वह केवल होली दीपावली और दुर्गा पूजा का गीत नही है।वह विजय माल्या की प्रशंसा का स्वर नही है।वह किसी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री की वन्दना नही है।वह राम और कृष्ण की स्तुति भी नही है।वह बहुजन समाज(बसपा वाला नही) का पक्षधर है।ये व्यापारिक प्रतिष्ठान वाले,सत्ताधारी और धर्म की राजनीति करने वाले बहुत थोडे से हैं ।लेकिन ये पैसा खर्चकरके कुछ भी लिखवा सकते हैं।अभिजन को बहुसंख्यक मानवीय मूल्यो को समझना होगा और साबित करना होगा कि वे व्यापक मनुष्यता के पक्ष मे खडे हैं,सभी धर्मो के साथ हैं,तभी वे नवगीत की आत्मा को समझ सकते हैं ।

रविवार, मार्च 20, 2016


टिप्पणी-- 
वंचितो का नवगीत स्वर

# डा.भारतेन्दु मिश्र


नवगीत मे सीधेतौर पर मनुवादी व्यवस्था पर चोट करने वाले कवि कम ही हुए हैं।ज्यादातर नवगीतकार अपनी उत्सवधर्मिता और अतीत गायन के लिए चर्चित रहे हैं।पिछले कुछ दशको मे जैसे जैसे सामाजिक आर्थिक मनोवैज्ञानिक और तकनीकी विकास हुआ है सभी अनुशासनो मे परिवर्तन हुआ है।नवगीत चेतना मे भी यह परिवर्तन इसी रूप मे लक्षित किया जा सकता है।ऐसी ही चेतना के नवोदित नवगीतकार जगदीश पंकज जी है गत वर्ष 2015 मे जिनके दो नवगीत संग्रह क्रमश:’सुनो मुझे भी’ और ‘निषिद्धो की गली का नागरिक’ प्रकाशित हुए हैं।कवि का स्वर सधा हुआ है।उसकी दृष्टि परिपक्व है।जगदीश पंकज अवकाशप्राप्त बैंक मैनेजर हैं।स्पष्ट है कि उम्र के साठ बसंत देखने की बाद दैनन्दिन जीवन का कूट गरल पीने के बाद जब अभिव्यक्ति की भंगिमाएं प्रखर हो जाती हैं तब गीत फूटता है।इन परिस्थितियो मे नवगीत लेखन मे सक्रिय रूप से भागीदारी करने का एक और बडा कारण यह भी कि कवि जगदीश पंकज अखिल भारतीय नवगीत चेतना के सर्जक श्री देवेन्द्र शर्मा इन्द्र के पडोसी भी हैं।निश्चित है कि जगदीश पंकज जी सोच समझकर गीत नवगीत की सृजन भूमि से जुडे। किसी फैशन या मंचीयता के व्यामोह ने उन्हे नही आकर्षित किया।पिछले एक वर्ष मे ही उनका रचनात्मक दायरा भी बढा है।इसके मूल मे उनके नवगीत ही हैं।तात्पर्य यह कि जगदीश पंकज उपेक्षितो दलितो की दुर्दशा का स्वर बनकर उभरते हुए नजर आ रहे हैं--
कितने हरे कितने भरे/हैं घाव मन के /दह के
केवल नही तन पर लगी/है चोट मन की भीत पर
अनगिन विरोधाभास हैं/कानून की हर जीत पर
पर पोथियो मे भी नही /आखर मिले कुछ नेह के।
बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की 125 वीं जयंती वर्ष मे दलित स्वाभिमान को लक्षित इस गीत की भंगिमा सचमुच नवगीत के लिए उल्लेखनीय है--
सह रहा है/पीठ पर वह/हर तरह के वार/पर झुकता नही है
धर्म धन धरती नही/पर हाथ मे धन्धा/हर तरह की नीतियो को
दे रहा कन्धा/वह दलित/वह सर्वहारा/वक्त से लाचार/पर रुकता नही।
ऐसा नही है कि नवगीतकारो मे इस प्रकार की अभिव्यक्ति देने वाले कवि पहले नही हुए।रूपवादी या पारंपरिक कलावादी खासकर मंचीय गीतकारो को छोडकर उपेक्षितो और दलितो के पक्ष मे खडे होना तो प्रत्येक कवि का पहला कर्तव्य रहा है।इन नवगीतो मे कवि के अपने निजी अनुभव भी शामिल हैं।कवि की यह निजता जब करोडो दलितो और उपेक्षितो के स्वर का रूप लेती है तो उसका महत्व और भी बढ जाता है।वर्ग चेतना का यह स्वर देखिए-
राह मे लेकिन खडे हैं /भेडियो के दल
एक काला कल गया /आना अभी है एक जलता कल।
इसी प्रकार आगे देखिए लगता है कवि दलित स्वर को ही नवगीत बद्ध कर रहा है।सचमुच हर एक संविधान संशोधन उसके और उन जैसे दलितो के जीवन मे बार बार बदलाव को चिन्हित करता है  -
हम असीम वर्जना लिए हुए/जी रहे संशोधनो के नाम पर।
एक और अभिव्यक्ति का स्वर देखिए-
भीड मे भी तुम मुझे पहचान लोगे
मै निषिद्धो की गली का नागरिक हूं।
जाति को लेकर होने वाले संघर्षो और अत्याचारो को नियंत्रित करने में व्यापक  सामाजिक बदलाव लाने की आवश्यकता है।यह कार्य केवल सरकार या समाज के केवल एक वर्ग के चाहने भर से नही होगा।बहरहाल कवि के पास वंचितो और दलितो का प्रवक्ता बनने के सभी गुण विद्यमान है ।इन नवगीतो का स्वर हमे एक ईमानदर यथार्थवादी सामाजिक चेतना से जोडता है।कवि को बधाई इन श्रेष्ठ नवगीतो के लिए।
संपर्क
सी.ब्लाक 45/वाई-4 दिलशाद गार्डन,दिल्ली-110095