रविवार, नवंबर 16, 2014

संग्रहणीय नवगीत संग्रह
भारतेन्दु मिश्र

हमारे समय की अनेक गीत कवयित्रियो मे राजकुमारी रश्मि का अपना अलग स्थान है।ग्वालियर से उठती हुई उनके गीतो की अनुगूंज उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित दिल्ली तक सबको सुनाई देती है।उल्लेखनीय है कि उनकी मखमली आवाज का जादू कविसम्मेलनो मे श्रोताओ को श्रेष्ठ गीतो की सार्थक संवेदना से मंत्र मुग्ध करता रहा है। वे गीत गजल और दोहो के लिए जानी जाती हैं लेकिन गीतो मे उनकी अभिव्यक्ति मुझे अधिक सार्थक प्रतीत होती है। कविता के सामाजिक सरोकारो की बानगी जो राजकुमारी रश्मि के गीतो मे देखने को मिलती है वह मध्यप्रदेश की दूसरी किसी कवयित्री के गीतो मे नही मिलती।मेरे लिए यह बहुत सुख का विषय है।कवयित्री की गीत के प्रति प्रतिबद्धता देखिए-
चिमनी धुआं तेज रफ्तारें/चारो ओर जहर
इन सबके ही बीच बना है /गीतो का ये घर।
तो कवयित्री जीवन के खटराग से गीत की धुने चुरा लेने मे कुशल है।समकालीन नागर या कहें कि कस्बाई जीवन की सांकेतिक व्याख्या और गृहरति की व्यंजना का इससे बेहतर उद्धरण शायद और नही हो सकता।यह हम सबका भोगा हुआ यथार्थ है।राजकुमारी रश्मि की यह कुशलता उन्हे अपने समय की तमाम कवयित्रियों से अलग रेखांकित करने मे सहायक होती है।वो गीत का जो ताना लेकर चलती हैं उसे गीत का संपूर्ण बाना धीरे धीरे बनता है वे उसे जीती हैं और निभाती हैं। यानी गीत के निर्वाह की दृष्टि भी साफ तौर से कवयित्री के गीतो मे दिखाई देती है।ये गीत अपनी इन्ही विशेषताओ के चलते सामयिक नवगीत के रूप मे प्रतिफलित होते दिखाई देते हैं। वे डां.शांति सुमन के बाद एकमात्र कवयित्री प्रतीत होती हैं जिनके गीतो मे जन चेतना के स्वर बखूबी मुखर होते हैं। संभवत: राजकुमारी रश्मि ने अपने लेखन की शुरुआत कहानियो से की थी, उसका लाभ कवयित्री को इन गीतो में रचनात्मक चमक पैदा करने मे मिला।प्रस्तुत संग्रह-अक्षर बोलते हैं -मे कवयित्री के अनेक आख्यानधर्मी गीत बहुत लाजवाब बन गए हैं। यह विरूपता का मार्क्स्वादी सौन्दर्य शास्त्र कवयित्री ने कहीं पढा है या नही यह तो नही जानता , अलबत्ता जिया अवश्य है ।खास बात ये भी है कि राजकुमारी जी ने अपने आपको भी दुहराया नही।बेतहाशा तुकबन्दियां जोडकर जिस तरह लोग संग्रहो की संख्या बढाने मे लगे हैं कवयित्री ने  गीतो और संग्रहों की संख्या नही बढाई।देखें-
.दुरदिन मे अब हरखू कैसे /घर का पेट भरे।
गश्त लगाती पूरेघर मे /अब भूखी छिपकलियां/राह देखती हैं बच्चों की सूनी सूनी गलियां/घुन भी लगने लगा बीज में/घर मे धरे धरे।
##########
.कोर्ट कचेहरी जाते जाते/हांफे रामपियारी।
 छोटा बेटा बिना अन्न के /हुआ राम को प्यारा/कठिन समय मे सम्बन्धी भी/करने लगे किनारा/फटी हुई धोती मे क्या क्या ढांपे राम पियारी।
######
.राजमार्ग के लिए गांव के /आधे खेत गए
छाप अंगूठा होती सब की/ खातो मे भरपाई/जबर लोग मनमानी करते/कहीं नहीं सुनवाई/दो बीघा सरसों की गरदन/पल मे रेत गए।
#######
.बीडी फूक फूंक दिन अपने /काटे राम भजन।
#######
.तुम क्या जानो कैसे जीते /कम पगार वाले
छोटे से कमरे मे सबको /रहना पडता संग/ भूखे पेट हुआ करती है/बच्चो मे हुडदंग/रोज तकाजा करने आते हैं/उधार वाले।
 इन गीतो की एक विशेषता यह भी है कि ये बहुत सहज सरल भाषा मे रचे गए हैं। किसान और मजदूर की चेतना के साथ ग्रामीड स्त्री की दशा का भी आकलन किया गया है।शब्दकोष वाली शब्दावली के सहारे दूर की कौडी खोज लाने का श्रमसाध्य कार्य बिल्कुल नही किया गया है।मुझे लगता है कि  कवयित्री के मन पर  कहीं न कहीं मुकुट बिहारी सरोज और महेश अनघ की ग्वालियर गीत परंपरा का भी गहरा प्रभाव पडा है। इन गीतो मे बेटियो की अनेक छवियां हैं,हरखू-  रामपियारी -रामभजन जैसे किसान और कामगर जन की वेदनाएं हैं जो इस संग्रह को मुकम्मल पठनीय और संग्रहणीय नवगीत संग्रह बनाते हैं। अंतत:इन पछपन गीतों मे आदि से अंत तक अक्षर बोलते हैं।जिनकी धुन कोई भी सजग पाठक सुनकर समझ सकता है।



शीर्षक:अक्षरबोलतेहैं/रचनाकार:राजकुमारी रश्मि/प्रकाशक:उत्तरायण प्रकाशन,लखनऊ/
वर्ष:2013/मूल्य:250/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें