सोमवार, अक्टूबर 15, 2018


राम की शक्तिपूजा 
@ सूर्यकांत त्रिपाठी निराला

रवि हुआअस्त, ज्योति के पत्र पर लिखा अमर 
रह गया राम-रावण का अपराजेय समर।
आज का तीक्ष्ण शरविधृतक्षिप्रकर, वेगप्रखर,
शतशैल सम्वरणशील, नील नभगर्जित स्वर,
प्रतिपल परिवर्तित व्यूह भेद कौशल समूह
राक्षस विरुद्ध प्रत्यूह, क्रुद्ध कपि विषम हूह,
विच्छुरित वह्नि राजीवनयन हतलक्ष्य बाण,
लोहित लोचन रावण मदमोचन महीयान,
राघव लाघव रावण वारणगत युग्म प्रहर,
उद्धत लंकापति मर्दित कपि दलबल विस्तर,
अनिमेष राम विश्वजिद्दिव्य शरभंग भाव,
विद्धांगबद्ध कोदण्ड मुष्टि खर रुधिर स्राव,
रावण प्रहार दुर्वार विकल वानर दलबल,
मुर्छित सुग्रीवांगद भीषण गवाक्ष गय नल,
वारित सौमित्र भल्लपति अगणित मल्ल रोध,
गर्जित प्रलयाब्धि क्षुब्ध हनुमत् केवल प्रबोध,
उद्गीरित वह्नि भीम पर्वत कपि चतुःप्रहर,
जानकी भीरू उर आशा भर, रावण सम्वर।
लौटे युग दल। राक्षस पदतल पृथ्वी टलमल,
बिंध महोल्लास से बार बार आकाश विकल।
वानर वाहिनी खिन्न, लख निज पति चरणचिह्न
चल रही शिविर की ओर स्थविरदल ज्यों विभिन्न।
प्रशमित हैं वातावरण, नमित मुख सान्ध्य कमल
लक्ष्मण चिन्तापल पीछे वानर वीर सकल
रघुनायक आगे अवनी पर नवनीतचरण,
श्लथ  धनुगुण है, कटिबन्ध त्रस्त तूणीरधरण,
दृढ़ जटा मुकुट हो विपर्यस्त प्रतिलट से खुल
फैला पृष्ठ पर, बाहुओं पर, वक्ष पर, विपुल
उतरा ज्यों दुर्गम पर्वत पर नैशान्धकार
चमकतीं दूर ताराएं ज्यों हों कहीं पार।
आये सब शिविर सानु पर पर्वत के, मन्थर
सुग्रीव, विभीषण, जाम्बवान आदिक वानर
सेनापति दल विशेष के, अंगद, हनुमान
नल नील गवाक्ष, प्रात के रण का समाधान
करने के लिए, फेर वानर दल आश्रय स्थल।
बैठे रघुकुलमणि श्वेत शिला पर, निर्मल जल
ले आये कर पद क्षालनार्थ पटु हनूमान
अन्य वीर सर के गये तीर सन्ध्या विधान
वन्दना ईश की करने को लौटे सत्वर,
सब घेर राम को बैठे आज्ञा को तत्पर,
पीछे लक्ष्मण, सामने विभीषण भल्ल्धीर,
सुग्रीव, प्रान्त पर पादपद्म  के महावीर,
यूथपति अन्य जो, यथास्थान हो निर्निमेष
देखते राम को जितसरोजमुख श्याम देश।
है अमानिशा, उगलता गगन घन अन्धकार,
खो रहा दिशा का ज्ञान, स्तब्ध है पवन-चार,
अप्रतिहत गरज रहा पीछे अम्बुधि विशाल,
भूधर ज्यों ध्यानमग्न, केवल जलती मशाल।
स्थिर राघवेन्द्र  को हिला रहा फिर फिर संशय
रह रह उठता जग जीवन में रावण जय भय,
जो नहीं हुआ आज तक हृदय रिपुदम्य श्रान्त,
एक भी, अयुत-लक्ष में रहा जो दुराक्रान्त,
कल लड़ने को हो रहा विकल वह बार बार,
असमर्थ मानता मन उद्यत हो हार हार।
ऐसे क्षण अन्धकार घन में जैसे विद्युत
जागी पृथ्वी तनया कुमारिका छवि अच्युत
देखते हुए निष्पलक, याद आया उपवन
विदेह का, प्रथम स्नेह का लतान्तराल मिलन
नयनों का नयनों से गोपन प्रिय सम्भाषण
पलकों का नव पलकों पर प्रथमोत्थान पतन,
काँपते हुए किसलय, झरते पराग समुदय,
गाते खग नवजीवन परिचय, तरु  मलय वलय,
ज्योतिः प्रपात स्वर्गीय, ज्ञात छवि प्रथम स्वीय,
जानकी-नयन-कमनीय प्रथम कम्पन तुरीय।
सिहरा तन, क्षण भर भूला मन, लहरा समस्त,
हर धनुर्भंग को पुनर्वार ज्यों उठा हस्त,
फूटी स्मिति सीता ध्यानलीन राम के अधर,
फिर विश्व विजय भावना हृदय में आयी भर,
वे आये याद दिव्य शर अगणित मन्त्रपूत,
फड़का पर नभ को उड़े सकल ज्यों देवदूत,
देखते राम, जल रहे शलभ ज्यों रजनीचर,
ताड़का, सुबाहु बिराध, शिरस्त्रय, दूषण, खर,
फिर देखी भीम मूर्ति आज रण देवी  जो
आच्छादित किये हुए सम्मुख समग्र नभ को,
ज्योतिर्मय अस्त्र सकल बुझ बुझ कर हुए क्षीण,
पा महानिलय उस तन में क्षण में हुए लीन,
लख शंकाकुल हो गये अतुल बल शेष शयन,
खिच गये दृगों में सीता के राममय नयन,
फिर सुना हँस रहा अट्टहास रावण खलखल,
भावित नयनों से सजल गिरे दो मुक्तादल।
बैठे मारुति देखते रामचरणारविन्द,
युग 'अस्ति नास्ति' के एक रूप, गुणगण अनिन्द्य,
साधना मध्य भी साम्य वाम कर दक्षिणपद,
दक्षिण करतल पर वाम चरण, कपिवर, गद् गद्
पा सत्य सच्चिदानन्द रूप, विश्राम धाम,
जपते सभक्ति अजपा विभक्त हो राम नाम।
युग चरणों पर आ पड़े अस्तु वे अश्रु युगल,
देखा कवि ने, चमके नभ में ज्यों तारादल।
ये नहीं चरण राम के, बने श्यामा के शुभ,
सोहते मध्य में हीरक युग या दो कौस्तुभ,
टूटा वह तार ध्यान का, स्थिर मन हुआ विकल
सन्दिग्ध भाव की उठी दृष्टि, देखा अविकल
बैठे वे वहीं कमल लोचन, पर सजल नयन,
व्याकुल, व्याकुल कुछ चिर प्रफुल्ल मुख निश्चेतन।
"ये अश्रु राम के" आते ही मन में विचार,
उद्वेल हो उठा शक्ति खेल सागर अपार,
हो श्वसित पवन उनचास पिता पक्ष से तुमुल
एकत्र वक्ष पर बहा वाष्प को उड़ा अतुल,
शत घूर्णावर्त, तरंग भंग, उठते पहाड़,
जलराशि राशिजल पर चढ़ता खाता पछाड़,
तोड़ता बन्ध प्रतिसन्ध धरा हो स्फीत वक्ष
दिग्विजय अर्थ प्रतिपल समर्थ बढ़ता समक्ष,
शत वायु वेगबल, डूबा अतल में देश भाव,
जलराशि विपुल मथ मिला अनिल में महाराव
वज्रांग तेजघन बना पवन को, महाकाश
पहुँचा, एकादश रूद्र  क्षुब्ध कर अट्टहास।
रावण महिमा श्यामा विभावरी, अन्धकार,
यह रूद्र राम पूजन प्रताप तेजः प्रसार,
इस ओर शक्ति शिव की दशस्कन्धपूजित,
उस ओर रूद्रवन्दन जो रघुनन्दन कूजित,
करने को ग्रस्त समस्त व्योम कपि बढ़ा अटल,
लख महानाश शिव अचल, हुए क्षण भर चंचल,
श्यामा के पद तल भार धरण हर मन्दस्वर
बोले "सम्वरो, देवि, निज तेज, नहीं वानर
यह, नहीं हुआ श्रृंगार युग्मगत, महावीर।
अर्चना राम की मूर्तिमान अक्षय शरीर,
चिर ब्रह्मचर्यरत ये एकादश रूद्र, धन्य,
मर्यादा पुरूषोत्तम के सर्वोत्तम, अनन्य
लीलासहचर, दिव्यभावधर , इन पर प्रहार
करने पर होगी देवि, तुम्हारी विषम हार,
विद्या का ले आश्रय इस मन को दो प्रबोध,
झुक जायेगा कपि, निश्चय होगा दूर रोध।"
कह हुए मौन शिव, पवन तनय में भर विस्मय
सहसा नभ से अंजनारूप का हुआ उदय।
बोली माता "तुमने रवि को जब लिया निगल
तब नहीं बोध था तुम्हें, रहे बालक केवल,
यह वही भाव कर रहा तुम्हें व्याकुल रह रह।
यह लज्जा की है बात कि माँ रहती सह सह।
यह महाकाश, है जहाँ वास शिव का निर्मल,
पूजते जिन्हें श्रीराम उसे ग्रसने को चल
क्या नहीं कर रहे तुम अनर्थ? सोचो मन में,
क्या दी आज्ञा ऐसी कुछ श्री रधुनन्दन ने?
तुम सेवक हो, छोड़कर धर्म कर रहे कार्य,
क्या असम्भाव्य हो यह राघव के लिये धार्य?"
कपि हुए नम्र, क्षण में माता छवि हुई लीन,
उतरे धीरे धीरे गह प्रभुपद हुए दीन।
राम का विषण्णानन देखते हुए कुछ क्षण,
"हे सखा" विभीषण बोले "आज प्रसन्न वदन
वह नहीं देखकर जिसे समग्र वीर वानर
भल्लूक  विगत-श्रम हो पाते जीवन निर्जर,
रघुवीर, तीर सब वही तूण में है रक्षित,
है वही वक्ष, रणकुशल हस्त, बल वही अमित,
हैं वही सुमित्रानन्दन मेघनादजित रण,
हैं वही भल्लपति, वानरेन्द्र सुग्रीव प्रमन,
ताराकुमार भी वही महाबल श्वेत धीर,
अप्रतिभट वही एक अर्बुद सम महावीर
हैं वही दक्ष सेनानायक है वही समर,
फिर कैसे असमय हुआ उदय यह भाव प्रहर।
रघुकुलगौरव लघु हुए जा रहे तुम इस क्षण,
तुम फेर रहे हो पीठ, हो रहा हो जब जय रण।
कितना श्रम हुआ व्यर्थ, आया जब मिलनसमय,
तुम खींच रहे हो हस्त जानकी से निर्दय!
रावण? रावण लम्प्ट, खल कल्म्ष गताचार,
जिसने हित कहते किया मुझे पादप्रहार,
बैठा उपवन में देगा दुख सीता को फिर,
कहता रण की जयकथा पारिषददल से घिर,
सुनता वसन्त में उपवन में कलकूजित्पिक
मैं बना किन्तु लंकापति, धिक राघव, धिक धिक?
सब सभा रही निस्तब्ध
राम के स्तिमित नयन
छोड़ते हुए शीतल प्रकाश देखते विमन,
जैसे ओजस्वी शब्दों का जो था प्रभाव
उससे न इन्हें कुछ चाव, न कोई दुराव,
ज्यों हों वे शब्दमात्र मैत्री की समानुरक्ति,
पर जहाँ गहन भाव के ग्रहण की नहीं शक्ति।
कुछ क्षण तक रहकर मौन सहज निज कोमल स्वर,
बोले रघुमणि "मित्रवर, विजय होगी न, समर
यह नहीं रहा नर वानर का राक्षस से रण,
उतरी पा महाशक्ति रावण से आमन्त्रण,
अन्याय जिधर, है उधर शक्ति।" कहते छल छल
हो गये नयन, कुछ बूँद पुनः ढलके दृगजल,
रुक गया कण्ठ, चमक लक्ष्मण तेजः प्रचण्ड
धँस गया धरा में कपि गह युगपद, मसक दण्ड
स्थिर जाम्बवान, समझते हुए ज्यों सकल भाव,
व्याकुल सुग्रीव, हुआ उर में ज्यों विषम घाव,
निश्चित सा करते हुए विभीषण कार्यक्रम
मौन में रहा यों स्पन्दित वातावरण विषम।
निज सहज रूप में संयत हो जानकीप्राण
बोले "आया न समझ में यह दैवी विधान।
रावण, अधर्मरत भी, अपना, मैं हुआ अपर,
यह रहा, शक्ति का खेल समर, शंकर, शंकर!
करता मैं योजित बार बार शरनिकर निशित,
हो सकती जिनसे यह संसृति सम्पूर्ण विजित,
जो तेजः पुंज, सृष्टि की रक्षा का विचार,
हैं जिनमें निहित पतन घातक संस्कृति अपार।
शत शुद्धिबोध, सूक्ष्मातिसूक्ष्म मन का विवेक,
जिनमें है क्षात्रधर्म का धृत पूर्णाभिषेक,
जो हुए प्रजापतियों से संयम से रक्षित,
वे शर हो गये आज रण में श्रीहत, खण्डित!
देखा है महाशक्ति रावण को लिये अंक,
लांछन को ले जैसे शशांक नभ में अशंक,
हत मन्त्रपूत शर सम्वृत करतीं बार बार,
निष्फल होते लक्ष्य पर क्षिप्र वार पर वार।
विचलित लख कपिदल क्रुद्ध, युद्ध को मैं ज्यों ज्यों,
झक-झक झलकती वह्नि वामा के दृग त्यों त्यों,
पश्चात्, देखने लगीं मुझे बँध गये हस्त,
फिर खिंचा न धनु, मुक्त ज्यों बँधा मैं, हुआ त्रस्त!"
कह हुए भानुकुलभूषण  वहाँ मौन क्षण भर,
बोले विश्वस्त कण्ठ से जाम्बवान, "रघुवर,
विचलित होने का नहीं देखता मैं कारण,
हे पुरुषसिंह, तुम भी यह शक्ति करो धारण,
आराधन का दृढ़ आराधन से दो उत्तर,
तुम वरो विजय संयत प्राणों से प्राणों पर।
रावण अशुद्ध होकर भी यदि कर सका त्रस्त
तो निश्चय तुम हो सिद्ध करोगे उसे ध्वस्त,
शक्ति की करो मौलिक कल्पना, करो पूजन।
छोड़ दो समर जब तक न सिद्धि हो, रघुनन्दन!
तब तक लक्ष्मण हैं महावाहिनी के नायक,
मध्य भाग में अंगद, दक्षिण-श्वेत सहायक।
मैं, भल्ल सैन्य, हैं वाम पार्श्व में हनूमान,
नल, नील और छोटे कपिगण, उनके प्रधान।
सुग्रीव, विभीषण, अन्य यूथपति यथासमय
आयेंगे रक्षा हेतु जहाँ भी होगा भय।"
खिल गयी सभा। "उत्तम निश्चय यह, भल्लनाथ!"
कह दिया ऋक्ष को मान राम ने झुका माथ।
हो गये ध्यान में लीन पुनः करते विचार,
देखते सकल, तन पुलकित होता बार बार।
कुछ समय अनन्तर इन्दीवर निन्दित लोचन
खुल गये, रहा निष्पलक भाव में मज्जित मन,
बोले आवेग रहित स्वर से विश्वास स्थित
"मातः, दशभुजा, विश्वज्योति; मैं हूँ आश्रित;
हो विद्ध शक्ति से है खल महिषासुर मर्दित;
जनरंजन चरणकमल तल, धन्य सिंह गर्जित!
यह, यह मेरा प्रतीक मातः समझा इंगित,
मैं सिंह, इसी भाव से करूँगा अभिनन्दित।"
कुछ समय तक स्तब्ध हो रहे राम छवि में निमग्न,
फिर खोले पलक कमल ज्योतिर्दल ध्यानलग्न।
हैं देख रहे मन्त्री, सेनापति, वीरासन
बैठे उमड़ते हुए, राघव का स्मित आनन।
बोले भावस्थ चन्द्रमुख निन्दित रामचन्द्र,
प्राणों में पावन कम्पन भर स्वर मेघमन्द्र,
"देखो, बन्धुवर, सामने स्थिर जो वह भूधर
शोभित शत हरित गुल्म तृण से श्यामल सुन्दर,
पार्वती कल्पना हैं इसकी मकरन्द विन्दु,
गरजता चरण प्रान्त पर सिंह वह, नहीं सिन्धु।
दशदिक समस्त हैं हस्त, और देखो ऊपर,
अम्बर में हुए दिगम्बर अर्चित शशि शेखर,
लख महाभाव मंगल पदतल धँस रहा गर्व,
मानव के मन का असुर मन्द हो रहा खर्व।"
फिर मधुर दृष्टि से प्रिय कपि को खींचते हुए
बोले प्रियतर स्वर सें अन्तर सींचते हुए,
"चाहिए हमें एक सौ आठ, कपि, इन्दीवर,
कम से कम, अधिक और हों, अधिक और सुन्दर,
जाओ देवीदह, उषःकाल होते सत्वर
तोड़ो, लाओ वे कमल, लौटकर लड़ो समर।"
अवगत हो जाम्बवान से पथ, दूरत्व, स्थान,
प्रभुपद रज सिर धर चले हर्ष भर हनूमान।
राघव ने विदा किया सबको जानकर समय,
सब चले सदय राम की सोचते हुए विजय।
निशि हुई विगत नभ के ललाट पर प्रथमकिरण
फूटी रघुनन्दन के दृग महिमा ज्योति हिरण।
हैं नहीं शरासन आज हस्त तूणीर स्कन्ध
वह नहीं सोहता निबिड़ जटा दृढ़ मुकुटबन्ध,
सुन पड़ता सिंहनाद रण कोलाहल अपार,
उमड़ता नहीं मन, स्तब्ध सुधी हैं ध्यान धार,
पूजोपरान्त जपते दुर्गा, दशभुजा नाम,
मन करते हुए मनन नामों के गुणग्राम,
बीता वह दिवस, हुआ मन स्थिर इष्ट के चरण
गहन से गहनतर होने लगा समाराधन।
क्रम क्रम से हुए पार राघव के पंच दिवस,
चक्र से चक्र मन बढ़ता गया ऊर्ध्व निरलस,
जप पूरा कर एक चढाते इन्दीवर,
निज पुरश्चरण इस भाँति रहे हैं पूरा कर।
चढ़ षष्ठ दिवस आज्ञा पर हुआ समाहित मन,
प्रतिजप से खिंच खिंच होने लगा महाकर्षण,
संचित त्रिकुटी पर ध्यान द्विदल देवीपद पर,
जप के स्वर लगा काँपने थर थर थर अम्बर।
दो दिन निःस्पन्द एक आसन पर रहे राम,
अर्पित करते इन्दीवर जपते हुए नाम।
आठवाँ दिवस मन ध्यानयुक्त  चढ़ता ऊपर
कर गया अतिक्रम ब्रह्मा हरि शंकर का स्तर,
हो गया विजित ब्रह्माण्ड पूर्ण, देवता स्तब्ध,
हो गये दग्ध जीवन के तप के समारब्ध।
रह गया एक इन्दीवर, मन देखता पार
प्रायः करने को हुआ दुर्ग जो सहस्रार,
द्विप्रहर, रात्रि, साकार हुई दुर्गा छिपकर
हँस उठा ले गई पूजा का प्रिय इन्दीवर।
यह अन्तिम जप, ध्यान में देखते चरण युगल
राम ने बढ़ाया कर लेने को नीलकमल।
कुछ लगा न हाथ, हुआ सहसा स्थिर मन चंचल,
ध्यान की भूमि से उतरे, खोले पलक विमल।
देखा, वहाँ रिक्त स्थान, यह जप का पूर्ण समय,
आसन छोड़ना असिद्धि, भर गये नयनद्वय,
"धिक् जीवन को जो पाता ही आया विरोध,
धिक् साधन जिसके लिए सदा ही किया शोध
जानकी! हाय, उद्धार प्रिया का हो न सका,
वह एक और मन रहा राम का जो न थका।
जो नहीं जानता दैन्य, नहीं जानता विनय,
कर गया भेद वह मायावरण प्राप्त कर जय।
बुद्धि के दुर्ग पहुँचा विद्युतगति हतचेतन
राम में जगी स्मृति हुए सजग पा भाव प्रमन।
"यह है उपाय", कह उठे राम ज्यों मन्द्रित घन
"कहती थीं माता मुझे  सदा राजीवनयन।
दो नील कमल हैं शेष अभी, यह पुरश्चरण
पूरा करता हूँ देकर माता  एक नयन।"
कहकर देखा तूणीर ब्रह्मशर रहा झलक,
ले लिया हस्त लक लक करता वह महाफलक।
ले अस्त्र वाम पर, दक्षिण कर दक्षिण लोचन
ले अर्पित करने को उद्यत हो गये सुमन
जिस क्षण बँध गया बेधने को दृग दृढ़ निश्चय,
काँपा ब्रह्माण्ड, हुआ देवी का त्वरित उदय।
"साधु, साधु, साधक धीर, धर्म-धन धन्य राम!"
कह, लिया भगवती ने राघव का हस्त थाम।
देखा राम ने, सामने श्री दुर्गा, भास्वर
वामपद असुर स्कन्ध पर, रहा दक्षिण हरि पर।
ज्योतिर्मय रूप, हस्त दश विविध अस्त्र सज्जित,
मन्द स्मित मुख, लख हुई विश्व की श्री लज्जित।
हैं दक्षिण में लक्ष्मी, सरस्वती वाम भाग,
दक्षिण गणेश, कार्तिक बायें रणरंग राग,
मस्तक पर शंकर! पदपद्मों पर श्रद्धाभर
श्री राघव हुए प्रणत मन्द स्वरवन्दन कर।
"होगी जय, होगी जय, हे पुरूषोत्तम नवीन।"
कह महाशक्ति राम के वदन में हुई लीन।
प्रस्तुति-भारतेंदु मिश्र  


सोमवार, सितंबर 03, 2018


   समीक्षा                                                               
             लोक मे रचाबसा रचनाकार
                           - राजेन्द्र नागदेव
त्रिलोचन शास्त्री जैसे सामान्य से भिन्न जीवन जीते रहने वाले, ग्राम लोक से सम्पृक्त रचनाकार के जीवन एवं साहित्य के विभिन्न आयामों को सामने लाने की आवश्यकता साहित्य जगत में महसूस की जा रही थी। श्री महावीर अग्रवाल को दिये एक साक्षात्कार में डा.प्रभाकर श्रोत्रिय ने इस आवश्यकता को व्यक्त किया था। वे कहते हैं “जीवन के कटु सत्य को सबसे निकट से देखने और भोगने वाले हिन्दी रचनाकारों में त्रिलोचन का संसार अलग ही रहा है। पाँच दशक से अधिक का समय बीत चुका है, अस्सी पार करने के बाद भी त्रिलोचनजी का ठेठ गाँव का आचरण नहीं बदला . .” इसी साक्षात्कार में आगे कहते हैं “उनकी रचना की परिपक्वता आज भी मूल्यांकन की बाट जोह रही है। जन्म शताब्दी वर्ष में ऐसा हो सका तो निश्चित रूप से हम एक महान जीवन को भी पहचानेंगे और बड़ी कविता को भी। और यह काम अभी बाकी है”। इस बाकी कार्य को करने का प्रयास हिन्दी-अवधी के वरिष्ठ रचनाकार डा भारतेन्दु मिश्र ने समीक्ष्य पुस्तक “त्रिलोचन शास्त्री” में किया है। लेखक को शास्त्रीजी के सम्पर्क में कुछ वर्ष रहने का सुअवसर प्राप्त हुआ था। निश्चित रूप से उन्हें शास्त्रीजी जैसे फक्कड़ व्यक्तित्व को निकट से देखने समझने का मौका मिला होगा और वह सब इस पुस्तक में प्रामाणिकता के साथ आया होगा।
पुस्तक में आठ अध्याय हैं- जीवन परिचय, त्रिलोचन की कविताई, उनकी छान्दस चेतना, अवधी कविताएँ, उनके सरोकार, भाषा, गद्य, उनके साथ लेखक के संबंध आदि। इस लघु पुस्तक में त्रिलोचनजी के व्यक्तित्व एवं रचनाकर्म के विभिन्न आयामों को संक्षेप में किंतु समग्रता में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है जो शास्त्रीजी के साहित्यिक अवदान को रेखांकित करने के प्रारंभिक चरण के रूप में बहुत महत्वपूर्ण है। यथासमय इस दिशा में विस्तृत कार्य तो होगा ही, यह प्रथम सोपान एक अभिनंदनीय प्रयास है। यह पुस्तक निश्चय ही त्रिलोचनजी पर भविष्य में शोधकार्य करने वालों के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगी।
अध्याय एक में शास्त्रीजी के जन्म से अवसान तक के संघर्षपूर्ण जीवन का चित्रण है। लेखक उनके जीवन के अनेक पक्षों यथा; पहलवानी, कविताई, सम्पादन कौशल, लगातार गरीबी, शिक्षा, क्रांतिकारियों से कुछ काल तक सम्पर्क, आजीविका हेतु साहित्यिक संस्थाओं ‘मुक्तिबोध सृजनपीठ” आदि में कार्य, सम्मानों का सिलसिला आदि से परिचय कराता है। इसी फक्कड़ाना जीवन से उद्भूत उनके रचनाकर्म पर भी प्रकाश डालता है। शास्त्रीजी ने कभी जीवन में आर्थिक पक्ष को महत्व नहीं दिया था। इस कारण उनका जीवन संकटमय रहा। यह तथ्य बार-बार उनकी कविताओं में भी व्यक्त हुआ है।
शास्त्रीजी के पात्रों के संबंध में ‘प्राक्कथन’ में आए इस वाक्य पर लेखक ने अध्याय एक में विस्तार से चर्चा की है “ शास्त्रीजी ने कथ्य में कभी किसी महानायक की खोज नहीं की अपितु, सामान्य नगई और चम्पा जैसे पात्रों को नायक विशेष बनाने का प्रयास किया”।
अध्याय तीन “ त्रिलोचन की छान्दस चेतना”- लेखक के अनुसार शास्त्रीजी की कविताएँ मूल रूप से छन्दोबद्ध कविताएं हैं। उनकी कविता का विकास निराला के प्रगीत, शेक्स्पीयर के सानेट से होता हुआ अपनी बानी बोली में तुलसी तक आया। “अब उन्होंने अपनी जनपदीय बोली(पश्चिमी अवधी) में अपने मन के अनुकूल बरवै छंद का अभ्यास किया” (पृ 19)। लेखक उन्हें प्रगतिशील छांदस परंपरा का कवि मानता हैं।
शास्त्रीजी न किसी विशिष्ट काव्य विधा के पक्षधर थे न किसी विचारधारा के। वे सच्चे अर्थों में लोक के दुख-सुख को कविता में लोकभाषा में ही व्यक्त करने वाले कवि थे। लेखक को 1989 से 1997 तक उनके सान्निध्य का लाभ प्राप्त हुआ था। इतने लंबे काल में लेखक ने उनके जीवन और रचनाकर्म को निकट से देखा समझा। इस कारण भी पुस्तक में काल्पनिकता अथवा कयासों के स्थान पर वास्तविक तथ्यों की उपस्थिति पर सहज ही विश्वास किया जा सकता है। एक स्थान पर कवि के एकाकीपन की स्वयं कवि द्वारा ही बड़ी मार्मिक अभिव्यक्ति है। पता चलता है कि जीवन के झंझावातों को जीवटता के साथ झेल जाने वाला महान कवि अंदर से बहुत व्यथित था और व्यथा को चुपचाप सहे जा रहा था। त्रिलोचनजी के विचारों का केन्वास बहुत विस्तृत था। “कालिदास, तुलसी, शेक्सपीयर, गुरुदेव रवीन्द्र आदि से लेकर लेनिन, मार्क्स, स्वामी विवेकानंद के बारे में उनसे कोई भी घटों बात कर सकता था” (पृ 24)। लेखक के अनुसार शास्त्रीजी नई कविता के रूपवादी स्वरूप से बच कर निकल जाते हैं। उनका स्वर ग्राम चेतना से संपृक्त है। इस अध्याय में लेखक को वे कवि से अधिक भाषाशास्त्री दिखाई देते हैं।
अध्याय चार में लेखक ने त्रिलोचनजी की अवधी कविताओं का, उनके अवधी काव्य-संग्रह ‘अमोला’ के आधार पर गहन विश्लेषण किया है। पूर्णतः लोक से उपजी उनकी विषयवस्तु, प्रयुक्त भाषा और लेखक पर तुलसीदासजी के प्रभाव का चित्रण किया है। यहाँ शास्त्रीजी की विशिष्ट अवधी भाषा पर डा.विश्वनाथ त्रिपाठीजी से लेखक का मतवैभिन्य दिखाई देता है। लेखक के अनुसार कालांतर में शास्रीजी ने अपनी लोकभाषा को कुछ सरल किया है ताकि वृहद पाठक वर्ग उसे समझ सके। इसे लेखक उनकी प्रगतिशील सोच का एक प्रमाण मानता है।
पंचम अध्याय में त्रिलोचनजी के कविता में ग्राम्य जीवन चित्रण के बारे में विस्तार से चर्चा की गई है। इस तथ्य की ओर इंगित किया गया है कि शास्त्रीजी की हिन्दी कविता में भी अवधी के शब्द ‘हीरे की तरह जड़े हुए हैं’।
लेखक अपने विश्लेषण से इस निष्कर्ष पर पहुंचता है कि शास्त्रीजी मार्क्सवादी हों या न हों, वे व्यापक मार्क्सवादी चेतना को स्वर देने वाले रचनाकार हैं। इस अध्याय में लेखक ने त्रिलोचनजी की ग्राम्य जीवन से जुड़ी कविताओं से अत्यंत जीवंत चित्र उद्धृत किए हैं। इन पृष्ठों से गुज़रते हुए प्रतीत होता है कि त्रिलोचनजी की कविताओं में सामाजिक सरोकार किसी उग्र क्रांतिकारी वेष में नहीं हैं पर वे वहाँ हैं, सहज रूप में उपस्थित।
छठे और सातवें अध्याय में त्रिलोचनजी की गद्य भाषा पर विचार किया गया है। आश्चर्य होता है यह जानकर कि वे अपनी भाषा के प्रति इतने सजग थे कि उनकी कई कविताओं में उन्होंने भाषा, शब्द आदि के बारे में गहराई में जाकर लिखा है जो संभवतः किसी भी अन्य कवि ने नहीं किया है। लेखक के शब्दों में ‘उनकी काव्य भाषा संस्कृत, उर्दू, अरबी, फारसी, अंग्रेजी जैसी अनेक भाषाओं से निर्मित होती है लेकिन अवधी उनकी मातृभाषा है, अवधी का लोक जीवन उनका अपना अनुभव लोक है’। भाषा के क्षेत्र में शास्त्रीजी तुलसी को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं के पद्चिन्हों पर चलते हैं।
मात्र एक सौ चार पृष्ठों की पुस्तक त्रिलोचनजी के सम्पूर्ण रचनाकर्म और व्यक्तित्व का विस्तृत लेखाजोखा नहीं हो सकती। किंतु इसमे उनके जीवन और सृजन के सभी आयाम बीज रूप में उपस्थित हैं। ये बीज भविष्य में शोधकर्मियों के हाथों पल्लवित होकर इस अद्भुत व्यक्तित्व का विस्तृत परिचय साहित्य जगत को उपलब्ध करा सकते हैं। इस अर्थ में यह पुस्तक महत्वपूर्ण है। पुस्तक लेखन निश्चय ही श्रमसाध्य कार्य रहा होगा। इस महत्वपूर्ण पुस्तक के प्रकाशन के लिए लेखक और उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान दोनों बधाई के पात्र हैं।
*                         *                       *                     *


पुस्तक- ‘त्रिलोचन शास्त्री’, लेखक – डा.भारतेन्दु मिश्र, प्रकाशक- उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ, प्रथम संस्करण – 2018, मूल्य- रु 105/-
                                                   राजेन्द्र नागदेव
                                                   डी के 2 – 166/18, दानिशकुंज
                                                   कोलार रोड, भोपाल-  462042
                          मो 8989569036, ईमेल- raj_nagdeve@hotmail.com





  

सोमवार, मई 14, 2018




समीक्षा -
"पठार पर रंगोली"
# भारतेंदु मिश्र 

नवगीत की सर्जना में कवयित्रियों के नाम बहुत कम हैं, फिर भी शान्ति सुमन,राजकुमारी रश्मि,इंदिरा मोहन,शरद सिंह ,पूर्णिमा वर्मन,रजनी मोरवाल,यशोधरा राठौर जैसी नवगीत कवयित्रियाँ हमारा ध्यान बरबस अपनी ओर आकर्षित करती हैं|इसी नवगीत की परंपरा में कुछ दिनों से मालिनी गौतम के नाम की भी चर्चा हो रही है|‘चिल्लर सरीखे दिन’ मालिनी गौतम के नवगीतों की पहली पुस्तक है|इसमें 55 गीत नवगीत संकलित हैं,जिनमें अधिकाँश गीत भाषा और छंद की दृष्टि से निर्दोष हैं|जीवन में हम सबको छोटी छोटी खुशियों की ही तलाश रहती है|कवयित्री मालिनी गौतम को घर में ही कविता का सार्थक संस्कार अपने पिता से मिला जो आज उनकी काव्य भाषा और रूपकों में देखा जा सकता है|यू तो मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरती पर नवगीत जितना फला फूला और उसकी समझ विक्सित हुई उतना किसी अन्य प्रदेश में संभव नहीं हो पाया|संयोगवश मालिनी जी को इसी मध्यप्रदेश की मोहक सांस्कृतिक छवियों वाली काव्य भूमि विरासत में मिली|अपनी जिज्ञासा और पढाई लिखाई के परिश्रम से कवयित्री ने अपनी काव्य अनुभूतियों को मांजा और बेहतरीन ढंग से चमकाया है|ये नवगीत मालिनी गौतम की सजग काव्य चेतना का प्रकटीकरण हैं|वे कविता की अनेक विधाओं में लिखती हैं|
आज इक्कीसवीं शताब्दी के दूसरे दशक में जब मनुष्य संवेदना की बात लगभग बेमानी हो गयी है तब मालिनी गौतम अपनी सशक्त नवगीत सर्जना से नवगीत प्रेमियों को न केवल आश्वस्त करती हैं बल्कि किसी हद तक चकित भी करती हैं| संयोगवश संकलन के अंतिम गीत पर मेरी नजर पहले पडी,फिर सभी गीत पढ़ने का मन बनाता गया|अन्तिम गीत  का अंश देखिये-
झूठ दौड़ता पहन जूतियाँ /अफवाहों की
बातें करती कानाफूसी/घर घर जाकर
छल की भाषा शोर मचाती /मौक़ा पाकर
भटक रहीं हैं आवाजें /सच की आहों की|(पृ-96)
ये जो अफवाहों की जूतियाँ कवयित्री ने झूठ को पहना दी हैं असल में यही नवगीत की अंतर्चेतना है| एक शब्द या एक रूपक के निर्वाह भर से ही कविता में जो अर्थ की छवि उद्भासित होती है वही रचनाकार की शक्ति का पता बता देती है|ऐसे अनेक नवगीत इस संकलन में दिखाई देते हैं जिनमें नई सदी की कविता का मुहावरा धड़कता है|ये नवगीत छंद और लय की दृष्टि से भी प्रवाह संपन्न हैं| संकलन के शीर्षक नवगीत का अंश देखिये-
हाँथ में हैं शेष /कुछ चिल्लर सरीखे दिन
हडबडाती जिन्दगी/इक रेल सी गुज़री
चाहतों के स्टेशनों पर/चार पल ठहरी
उम्र के खाली कपों में /घूँट से पल-छिन |(पृ-11)
असल में जिन्दगी का फलसफा कवयित्री को बखूबी मालूम है और वह हडबडाते समय को धैर्य पूर्वक सहज मन से जी लेने के लिए तत्पर भी है| यह तत्परता ही उसे नास्टेल्जिक होने से बचाती है| प्राय: जो अतीत का रोना लेकर गीत लिखे जाते हैं उनसे कवयित्री का स्वर कदाचित भिन्न है| कवयित्री कविता में यथास्थिति तक सीमित होकर नहीं रह जाती बल्कि वह अपने सामर्थ्य और समझ से समाधान और उपाय भी बताती है-
‘वक्त कबसे कैद है /कब तलक सोओगे तुम/अब उठो घंटा बजाओ|’(पृ-16)
इसी क्रूर समय में हमारे जीवन की दुर्दशा हमारे ही कुछ ठग साथी कर रहे हैं |हमारे जीवन की सहज गति को रोकने के लिए वे कीलें बिखरा कर हमारे पहियों में पंक्चर करने से भी बाज नहीं आते|फिर भी संवेदना का घाव लिए हुए मनुष्य अनंत की यात्रा पर बढ़ता जा रहा है|कवयित्री मालिनी गौतम के पास जीवन और जगत के यथार्थ को अभिव्यक्त करने की सटीक भाषा संवेदना भी है|नवगीत का एक अंश देखें-
खुरच खुरच कर खोद रहा है/वक्त हमारे घाव/
यहाँ वहाँ बिखरी कीलों ने /पंक्चर किये तमाम
कैसे घूमे पहिया कोई /लगे जाम पर जाम
सिग्नल सारे टूटे जब जब /उनपर बढ़ा दबाव|(पृ-34 )
कवयित्री के मन में खेतिहर किसान की समस्याओं के स्वर भी घुमड़ते हैं,इसलिए वह धरती और बादल के बिम्ब लेकर संबंधो की खेती करने का सहज प्रयास करती है-
ऊसर धरती पर /चाहत के बीज उगा दूं
एक उदासी/ खाट डालकर कब से सोयी
खाली कोनों में /खुशियों की चिड़िया रोयी
खालीपन को झाड़ पोंछकर/आज सजा दूं|(पृ-82)
सहज कविता तो जीवन और जगत के प्रेम से ही निकलती है|मालिनी जी के इन नवगीतों का सौन्दर्य  इनकी लोक धर्मी चेतना से पथरीले यथार्थ की जमीन पर अल्पना सजाने जैसा है| ये पठार पर रची गयी रंगोली जैसे आकर्षक हैं| जिनके मन की अटारी खाली हो वह उसे भरने की कोशिश अवश्य करता है|प्रेम की झीनी चदरिया बुनने की कोशिशें करने वाले सजग रचनाकार ही मनुष्यता को भटकाव से बचा सकते हैं|किसी बड़े आलाप- विलाप, पक्ष -विपक्ष के बिना, सहज ढंग से रचे गए मालिनी गौतम के ये नवगीत नई सदी की नवगीत सर्जना का नया प्रस्थान बिंदु प्रतीत होते हैं|अंतत: कवयित्री के इस पहले नवगीत संग्रह का मैं हृदय  से स्वागत करता हूँ| बोधि प्रकाशन को भी इस सुन्दर प्रस्तुति के लिए बधाई|
शीर्षक:चिल्लर सरीखे दिन/कवयित्री: मालिनी गौतम/प्रकाशन: बोधि प्रकाशन,जयपुर/मूल्य:100/वर्ष:2017
संपर्क:
भारतेंदु मिश्र
सी-45/वाई-4 ,दिलशाद गार्डन,दिल्ली-11 00 95

रविवार, नवंबर 19, 2017





पथराई आकांक्षाओं के नवगीत स्वर
# डॉ.भारतेंदु मिश्र

गत माह नवगीत और गजल पर केन्द्रित हिन्दी साहित्य सम्मलेन की उमरिया शाखा के आयोजन में भाग लेने का अवसर मिला|यहीं पहली बार अनेक सुधीजनों तथा  कवियों के बीच अग्रज महेश कटारे सुगम जी से भी मुलाक़ात हुई|हालांकि उन्हें फेसबुक के माध्यम से पहले से  जानता था,और उनकी बुन्देली गजलों का पाठक और प्रशंशक भी हूँ| यहाँ मिलकर उन्हें पहचानने और उनकी रचनाशीलता को चीन्हने में सहायता मिली|वहीं मुझे पता लगा कि महेश जी नवगीत भी लिखते हैं|मंच से जब उन्होंने अपने नवगीत प्रस्तुत किये तब उनके रचनाकार के प्रति और भी आश्वस्ति हुई|विदा होते समय उन्होंने मुझे 'तुम कुछ ऐसा कहो ' शीर्षक अपना नवगीत संग्रह भी भेंट किया| इस नवगीत संग्रह में  छप्पन नवगीत संकलित हैं|इनमे से अधिकाँश में अपनी युगधर्मिता और सामयिकता से से टकराहट के स्वर गूंजते हैं|असल नवगीत की पूंजी वही है जो समय के दर्द के साथ करुण स्वर  में पर्यवसित हो जाए-
तुम रंगमहल के हो प्रकाश
मैं टिमटिम लौ फुटपाथों की|
मेरी मरियल सी आशाएं
तेरी पहाड़ सी इच्छाएं
तेरा जल कुल तो सीमित है
हर जगह हमारी शाखाएं
फिर भी मैं नाचा करता हूँ
कठपुतली बनकर हाथों की||
ऐसी अभिव्यक्ति से कौन न आकर्षित हो जाए|राग और विडम्बना का मार्मिक स्वर हमें खीच लेता है|असल में महेश जी ललितपुर से सागर पहुचे हैं|उन्हें बुन्देली समाज की अभावग्रस्त जीवन शैली का अभ्यास है|इस लिए इन पंक्तियों में भी पहाड़ और जल दोनों का नैसर्गिक अभाव और प्रभाव उन्हें नवगीत रचने के लिए प्रेरित करता है|अपनी विसंगति की और भी कवी ध्यान दिलाता है कि वह बस कठपुतली बनकर रह जाने के लिए विवश है| कवि की नवगीत चेतना को और अधिक निकट देखने के लिए अनेक नवगीत उद्धृत किये जा सकते हैं लेकिन उनके कमरे का बिम्ब अत्यंत मार्मिक है|इस तरह के कमरे को ही खोली भी कहा जाता है-
ये हमारा घर
बहुत सीलन भरा
उबकाइयां लेता  हुआ बस एक कमरा|
इस एक घर के कमरे में ही कवि की पूरी गिरिस्ती समाई हुई है|इसी कमरे में एक कोने में सिंगडी है,नन्हे के जूते,चारपाई और फटा गद्दा है,एक और भगवानो की भी अलमारी है| एक मार्मिक व्यंग्य देखिये-
तोड़ने के वास्ते
फेके गए पत्थर
डालियों पर लटक कर
रहा गए हैं
आम के फल तो
कभी के झड गए हैं|
ये पथराई आकांक्षाओं के स्वर ही तो मूलत: नवगीत का स्वर है|महेश जी के पास नवगीत की सधी हुई भाषा और लय की नवता  दोनों प्रकार की रचनात्मक पूंजी विद्यमान है|इस बिम्ब को देखकर लगता है कि कवि के साथ कहीं हम सब किसी फलदार पेड़ की डाल पर  फेके गए पत्थर की तरह लटके हुए हैं|कहने को और भी बहुत कहा जा सकता है लेकिन संग्रह का अंतिम नवगीत  'अम्मा 'अपने आप में एक कोलाज कीतरह महेश जी ने गढा है, अंतिम बंद देखिये  -
खुशियों के पैबंद मुसीबत की कीलें
भाव रहित चहरे को नहीं बदल पाते
दर्दों के अहसास
अभावों के तूफाँ
भावों के आगन में नहीं टहल पाते
अनुभव की चादर
मन की हरियाली से
खुश रहने की भाषा उनको भाती है
रिश्तों वाली पौध
प्रेम के पानी से
सिंचित कैसे करें नीति ये आती है
झुकी कमर ले तनी खडी हैं
इक अनबूझा पहेली अम्मा|
घर में नहीं अकेली अम्मा||
झुकी कमर के साथ कोई तन कर कैसे खडा हो सकता है ये हुनर या तो कवि जानता है या उसकी अम्मा को पता है|अंतत: यद्यपि यह उनका पहला नवगीत संग्रह है लेकिन किसी भी नवगीत के बड़े हस्ताक्षर की तुलना में उनके नवगीत कतई कमतर नहीं हैं|अग्रज भाई महेश कटारे सुगम जी की रचनाशीलता नवगीत के क्षेत्र में और अधिक विकसित ,चर्चित हो इसी आशा के साथ  उन्हें बधाई|
#################################################################################
शीर्षक: तुम कुछ ऐसा कहो,/कवि : महेश कटारे सुगम,/प्रकाशन वर्ष;2012  /प्रकाशक:निरुपमा प्रकाशन,शास्त्री नगर मेरठ/मूल्य:रु 150 /
कवि संपर्क:0 97 13 0 2  43 80



शुक्रवार, नवंबर 10, 2017

कुमुदेश जी की स्मृति को प्रणाम
#:भारतेंदु मिश्र

प्रसिद्ध छंदकार अग्रज अशोक कुमार पाण्डेय अशोक जी लखनऊ के शताधिक छंदोबद्ध कवियों के काव्य गुरु हैं | हिन्दी खड़ीबोली में घनाक्षरी का जैसा सुन्दर प्रयोग वे करते हैं वैसा कम ही आधुनिक कवियों की कविताई में देखने को मिलता है|पिछली लखनऊ यात्रा में उन्होंने अपने पिताश्री स्व.गोमती प्रसाद पाण्डेय कुमुदेश जी की रचनावली भेंट की ये पुस्तक अनेक कारणों से मेरे लिए संग्रहणीय है|कुमुदेश जी के सभी चारों पुत्र क्रमश:अशोक कुमार पाण्डेय,विजय कुमार पाण्डेय,महेश कुमार पाण्डेय और शरद कुमार पाण्डेय सभी छंदोबद्ध कविता के कौशल से संपन्न सुकवि तो हैं ही,मेरी युवावस्था के मित्र और सहचर भी रहे हैं|युवारचनाकार मंच की सभी गतिविधियों में इन सभी की भागीदारी होती थी|मुझे इस कवि परिवार से भाई आवारा नवीन जी ने ही जोड़ा था|बहरहाल ये रचनावली हिन्दी छंद विधा के रचनाकारों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है|इसमें कविवर कुमुदेश जी की सभी पांच कृतियों-कुमुदावाली,तुलसी रत्नावली,मालती,वनमाला और जाग्रति को समाविष्ट किया गया है|उनका जन्म 15 नवंबर 19 23 को हुआ और मात्र 55 वर्ष की अवस्था में ही 7 सितम्बर 19 78 को उनका देहांत हो गया|वे निशंक जी के अत्यंत प्रिय कवि थे|सुकवि,साप्ताहिक हिन्दुस्तान,धर्मयुग,स्वतन्त्र भारत आदि में लगातार उनके कवित्त प्रकाशित होते थे| जब एक और छंदहीनता और मुक्तछंद कविता की वकालत की जा रही थी तब कुमुदेश जैसे कवियों ने ही छंदोबद्ध कविता की आंच को सुरक्षित रखा|निशंक जी उनके बारे में लिखते हैं-'कुमुदेश जी के सवैये बड़े मार्मिक और चुटीले हैं |वे ब्रजभाषा एवं खड़ीबोली दोनों में ही कवित्त घनाक्षरी और सवैया छंद लिखने में सिद्ध हस्त थे|'सनेही,हितैषी जी की परंपरा में लोग आज भी उन्हें याद करते हैं| मित्रो के लिए उनकी अंतिम कविता इस प्रकार है-
चोट जब भी लगी खा के गम रह गये
झेलते नित सितम पर सितम रह गये
लोग जाने कहाँ से कहाँ बढ़ गए
और हम देखते अधिनियम रह गये |
इन्ही शब्दों के साथ उनकी स्मृति को प्रणाम|